अपडेटेड 7 February 2026 at 12:19 IST
Breakfast Ideas: नाश्ते में ट्राई करें पिंक उपमा, चुकंदर से बनाएं हेल्दी और कलरफुल रेसिपी; बच्चे मांग कर खाएंगे
नाश्ते में आप चुकंदर वाली पिंक उपमा रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। जानें स्टेप-बाय-स्टेप बनाने का आसान तरीका, ये रेसिपी सेहत के लिए काफी अच्छी होती है, साथ ही इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता। खास बात ये है कि ये दिखने में कलरफुर होती है इसलिए बच्चे भी इसे खुशी से खाते हैं।
Pink upma recipe: भागदौड़ भरी जिंदगी में टाइम बचाने की मारामारी चलती रहती है, ऐसे में कोशिश की जाती है कि सुबह नाश्ते में कुछ ऐसा बनाया जाए जिससे हमारा टाइम बचे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं नाश्ते के लिए एक मजेदार ऑप्शन। जी हां, अगर आप रोजाना एक ही तरह के सफेद या पीले उपमा से ऊब चुके हैं, तो पिंक उपमा ट्राई कर सकते हैं। यह चुकंदर से बनी एक कलरफुल और पौष्टिक डिश है, जो न सिर्फ आंखों को भाती है बल्कि सेहत को भी फायदा पहुंचाती है। बच्चों के लिए भी ये रेसिपी स्पेशल है, क्योंकि इसका गुलाबी रंग बच्चों को पसंद आता है और वे बिना नखरे किए इसे खा भी लेते हैं। यह रेसिपी दक्षिण भारतीय उपमा की एक मॉडर्न वैरिएशन है, जिसमें चुकंदर का इस्तेमाल रंग और पोषण बढ़ाने के लिए किया जाता है। ऐसे इनोवेटिव रेसिपीज से रोजमर्रा के भोजन को रोचक और हेल्दी बनाया जा सकता है।
पिंक उपमा बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
- 1 कप सूजी (रवा)
- 1 चुकंदर (कटा हुआ)
- 1 कप छाछ (बटरमिल्क)
- 1 प्याज (बारीक कटा)
- 1 इंच अदरक (कटा)
- 2-3 हरी मिर्च
- 1 चम्मच सरसों के दाने
- 1 चम्मच उड़द दाल
- 1 चम्मच चना दाल
- मुठ्ठीभर काजू
- 2-3 साबुत लाल मिर्च
- कड़ी पत्ता
- 2-3 चम्मच देसी घी
- हींग
- नमक
- धनिया पत्ती गार्निश के लिए
बनाने का सबसे आसान तरीका
पिंक उपमा बनाने के लिए आपको सबसे पहले मिक्सर में चुकंदर के टुकड़े, छाछ, हरी मिर्च और थोड़ा नमक डालकर बारीक पेस्ट बना लें।
एक पैन में 1 चम्मच घी गर्म करें, सूजी डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। अलग रखें।
दूसरे पैन में घी गर्म करें, हींग, सरसों, उड़द दाल, चना दाल, काजू, अदरक, लाल मिर्च, कड़ी पत्ता और प्याज डालकर भूनें।
जब प्याज सुनहरा हो जाए, चुकंदर का पेस्ट डालें और उबाल आने दें।
भूनी सूजी धीरे-धीरे डालें, लगातार हिलाते रहें ताकि गांठ न बने।
सूजी पक जाए तो गैस बंद करें, ऊपर से घी डालकर गार्निश करें, गर्म सर्व करें।
यह रेसिपी 20-25 मिनट में बनकर तैयार हो जाती है। वहीं, चुकंदर के फायदे की बात की जाए तो, चुकंदर पोषक तत्वों से भरपूर है। इसमें आयरन, फोलेट, फाइबर और पोटैशियम प्रचुर मात्रा में होता है। यह ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करता है, क्योंकि इसमें मौजूद नाइट्रेट्स रक्त वाहिकाओं को फैलाते हैं। ऐसे में कुल मिलाकर ये पिंक उपमा नाश्ते के लिए अच्छा ऑप्शन कहा जा सकता है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 7 February 2026 at 12:19 IST