Jhalmuri Recipe: चाय के साथ खाने के लिए मिनटों में बनाएं चटपटी झालमुरी, स्वाद ऐसा कि बार-बार खाने का करेगा मन
Jhalmuri Recipe: गर्मियों की शाम को अगर आपको भी चाय के साथ खाने का नाश्ता समझ नहीं आता है, तो चटपटी झालमुरी एक बेहतर ऑप्शन होता है। इसका ऐसा स्वाद होता है कि आपको बार- बार खाने का मन करने लगेगा।
Jhalmuri Recipe: अगर आप नाश्ते में कुछ हल्का, चटपटा और झटपट बनने वाला ऑप्शन ढूंढ रहे हैं, तो झालमुरी एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यह न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट होती है, बल्कि घर पर बनाई जाए तो सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है। खास बात यह है कि इसे तैयार करने में ज्यादा समय नहीं लगता और यह सुबह या शाम की चाय के साथ परफेक्ट स्नैक होती है। बता दें कि झालमुरी ओडिशा और बंगाल का लोकप्रिय स्ट्रीट फूड है, जिसे लोग बड़े चाव से खाते हैं। इसका स्वाद तीखा, खट्टा और मसालेदार होता है, जो हर उम्र के लोगों को पसंद आता है। हाल ही में यह स्नैक तब और चर्चा में आया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसका स्वाद लेते नजर आए।
झालमुरी बनाने की सामग्री
- मुरमुरे – 2 से 3 कप
- भुनी मूंगफली – एक चौथाई कप
- उबले काले चने – एक चौथाई कप
- बारीक कटी प्याज – 1
- कटा टमाटर – 1
- कटा खीरा – 1
- हरी मिर्च – 2
- काला नमक – आधा चम्मच
- भुना जीरा – एक चौथाई चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – स्वादानुसार
- सरसों का तेल – 1 बड़ा चम्मच
- नींबू का रस – 1 बड़ा चम्मच
- हरा धनिया और सेव – गार्निश के लिए
बनाने का तरीका
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में कटी हुई सब्जियां डालें और उसमें मसाले और सरसों का तेल मिलाएं। इसके बाद नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। अब इसमें भुनी मूंगफली और मुरमुरे डालें और सभी चीजों को अच्छे से मिलाएं। अंत में हरा धनिया और सेव डालकर इसे गार्निश करें और तुरंत सर्व करें।
झटपट तैयार होने वाली रेसिपी
घर पर झालमुरी बनाना बेहद आसान है और इसके लिए ज्यादा मेहनत की जरूरत नहीं होती। कुछ सामान्य सामग्री के साथ आप इसे कुछ ही मिनटों में तैयार कर सकते हैं और ताजा-ताजा इसका आनंद ले सकते हैं।
ध्यान रखने वाली जरूरी बात
झालमुरी को हमेशा बनाते ही खा लेना चाहिए, क्योंकि देर करने पर मुरमुरे नरम हो जाते हैं और इसका स्वाद कम हो जाता है। अगर आप इसे और ज्यादा हेल्दी बनाना चाहते हैं, तो इसमें अंकुरित मूंग भी मिला सकते हैं।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 22 April 2026 at 11:44 IST