अपडेटेड 12 March 2026 at 23:56 IST
Dehydration Foods To Avoid: गर्मी में बढ़ सकता है डिहाइड्रेशन का खतरा, इन 5 चीजों से रखें दूरी और खाएं ये हाइड्रेटिंग फूड
Dehydration Foods To Avoid: गर्मियां आते ही कुछ फूड खाने से डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। आइए आपको बताते हैं कि कौन से ऐसे पांच फूड होते हैं, जिनसे दूरी बनाकर रखनी चाहिए।
Dehydration Foods To Avoid: मार्च का महीना शुरू होते ही अचानक से गर्मी बढ़ जाती है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोग अब घरों में एयर कंडीशनर चलाने लगते हैं। इसके साथ ही फ्रिज में ठंडा पानी रखना भी शुरू हो गया है। ऐसे मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी हो जाता है। अगर समय पर शरीर में पानी की कमी को पूरा न किया जाए तो डिहाइड्रेशन की समस्या गंभीर रूप ले सकती है। इसके साथ ही ये दिक्कत इतनी बढ़ जाती है कि अस्पताल तक जाने की नौबत भी आ सकती है। इसलिए गर्मियों में खानपान पर खास ध्यान देना जरूरी हो जाता है। कुछ फूड्स ऐसे होते हैं जो शरीर में पानी की कमी हो जाती है, जबकि कुछ चीजें शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती हैं।
कैफीन वाली चीजों से बढ़ सकती है प्यास
गर्मी के मौसम में चाय और कॉफी जैसी कैफीन वाली चीजों का ज्यादा इनटेक करने से बचना चाहिए। कैफीन ड्यूरेटिक होता है, जिससे बार-बार यूरिन आने की समस्या हो सकती है। इससे शरीर से पानी तेजी से बाहर निकलता है और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए गर्मियों में कैफीन वाली ड्रिंक्स का सेवन कम ही करना बेहतर माना जाता है।
हाई प्रोटीन डाइट में पानी की ज्यादा जरूरत
प्रोटीन शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व है, लेकिन अधिक मात्रा में प्रोटीन लेने पर उसे पचाने के लिए शरीर को ज्यादा पानी की जरूरत पड़ती है। जिम या वर्कआउट करने वाले लोग अक्सर हाई प्रोटीन डाइट लेते हैं। ऐसे में अगर पर्याप्त मात्रा में पानी न पिया जाए तो शरीर में पानी की कमी हो सकती है। इसलिए प्रोटीन वाली चीजें खाने के साथ पानी का सेवन भी बढ़ाना जरूरी है।
नमकीन स्नैक्स भी बढ़ा सकते हैं डिहाइड्रेशन
बाजार में मिलने वाले कई नमकीन स्नैक्स में सोडियम की मात्रा ज्यादा होती है। ऐसे फूड्स खाने से प्यास ज्यादा लगती है और शरीर का वाटर बैलेंस प्रभावित हो सकता है। नमकीन मूंगफली, पैकेज्ड स्नैक्स या तले-भुने फूड्स गर्मियों में शरीर पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं और इन्हें पचाने के लिए भी शरीर को ज्यादा पानी की जरूरत पड़ती है।
मैदा और प्रोसेस्ड फूड्स से रहें सावधान
मैदा से बनी चीजें जैसे पिज्जा, बर्गर या अन्य फास्ट फूड्स पचाने में मुश्किल होते हैं क्योंकि इनमें फाइबर बहुत कम होता है। इन्हें खाने के बाद अक्सर ज्यादा प्यास लगती है। मैदा आंतों में चिपक सकता है और शरीर को इसे पचाने के लिए ज्यादा पानी की जरूरत पड़ती है। इसके अलावा रेड मीट, प्रोसेस्ड फूड्स और डीप फ्राई चीजें भी शरीर में डिहाइड्रेशन बढ़ाने का कारण बन सकती हैं।
गर्मी में क्या खाएं
गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए ऐसे फूड्स खाने चाहिए जिनमें पानी की मात्रा ज्यादा होती है। खीरा, ककड़ी, टमाटर और तरबूज जैसे फल और सब्जियां शरीर को ठंडक देने में मदद करते हैं। इसके अलावा नारियल पानी भी शरीर को हाइड्रेट रखने का अच्छा ऑप्शन माना जाता है। पर्याप्त पानी पीने के साथ-साथ इन फूड्स को डाइट में शामिल करने से गर्मियों में शरीर को स्वस्थ और हाइड्रेट रखा जा सकता है।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 12 March 2026 at 23:56 IST