अपडेटेड 22 November 2025 at 16:18 IST
Watery Eyes: आंखों में बार-बार आ रहा है कीचड़, इन्फेक्शन है या विटामिन की कमी? जानें सही कारण और बरतें सावधानियां
Mucus In Eyes: आंखों में कीचड़ आना एक आम समस्या जरूर है, लेकिन इसे नजरअंदाज करना ठीक नहीं है। इसे सही कारण पहचानकर समय पर सावधानी बरतना और जरूरत पड़ने पर इलाज करवाना आंखों की सेहत के लिए बेहद जरूरी है।
How To Take Care Of Eyes: हम सभी चाहते हैं कि हमारी आंखें सबसे खूबसूरत नजर आए, लेकिन आजकल कई लोगों को आंखों में बार-बार पानी आना, चिपचिपा कीचड़ जमा होना और जलन की समस्या होती है। अक्सर लोग इसे हल्के में ले लेते हैं, लेकिन यह आपकी आंखों की सेहत से जुड़ी एक गंभीर परेशानी भी हो सकती है। तो चलिए जानते हैं कि इसके पीछे असली वजह क्या हो सकती है। साथ ही, बताएंगे आंखों की सही देखभाल करने के कुछ आसान टिप्स-
आंखों में कीचड़ आने के कारण
- आंखों का इन्फेक्शन
अगर आंखों से पीला या हरा कीचड़ निकल रहा है, आंखें लाल हैं और जलन हो रही है तो यह बैक्टीरियल या वायरल इन्फेक्शन का संकेत हो सकता है।
- एलर्जी हो सकती है
धूल, मिट्टी, परागकण, पालतू जानवरों के बाल या धुएं से आंखों में एलर्जी हो सकती है। इससे आंखों में पानी, खुजली और सफेद कीचड़ आ सकता है।
- विटामिन की कमी
शरीर में विटामिन-ए और बी2 की कमी से भी आंखें सूखी, कमजोर और चिपचिपी हो सकती हैं। इससे बार-बार कीचड़ बनता है।
- ड्राई आई सिंड्रोम
यह ज्यादा मोबाइल या लैपटॉप देखने से आंखों में नमी कम हो जाती है, जिससे पानी और कीचड़ बनने लगता है।
- आंखें गंदी होना
गंदे हाथों से आंखें छूना या मेकअप ठीक से न हटाना भी संक्रमण की वजह बन सकता है।
कैसे करें पहचान?
अगर आंखों में तेज दर्द, सूजन, लालिमा और गाढ़ा पीला कीचड़ है, तो यह इन्फेक्शन हो सकता है। वहीं अगर आंखें बार-बार सूखती हैं, नजर धुंधली हो जाती है और थकान भी महसूस होती है, तो यह विटामिन की कमी का संकेत हो सकता है।
कैसे करें बचाव?
- आंखों को बार-बार न रगड़ें।
- साफ पानी से दिन में 2-3 बार आंखें धोएं।
- स्क्रीन टाइम कम करें और हर 20 मिनट में आंखों को आराम दें।
- अपने हाथों को साफ रखें और गंदे हाथों से आंख न छुएं।
- अपनी डाइट में गाजर, पालक, पपीता, दूध और बादाम शामिल करें। इससे नजर तेज होती है।
- कॉन्टैक्ट लेंस का इस्तेमाल सोच-समझकर करें। लोकल लेंस की जगह ब्रांडेड ही खरीदें।
कब डॉक्टर को दिखाना चाहिए?
अगर 2-3 दिन में भी समस्या ठीक न हो, आंखों से बहुत ज्यादा कीचड़ आ रहा हो या नजर पर असर पड़ रहा हो, तो तुरंत आंखों के डॉक्टर से सलाह लें।
Disclaimer: इस आर्टिकल में बताई विधियां, तरीके और दावे अलग-अलग जानकारियों पर आधारित हैं। REPUBLIC BHARAT आर्टिकल में दी गई जानकारी के सही होने का दावा नहीं करता है। किसी भी उपचार और सुझाव को अप्लाई करने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 22 November 2025 at 16:18 IST