अपडेटेड 7 April 2025 at 16:35 IST
क्या हैं ब्रेस्ट कैंसर के शुरुआती लक्षण, आयुष्मान खुराना की पत्नी ताहिरा कश्यप को 7 साल बाद फिर हुआ स्तन कैंसर
Tahira Kashyap: ब्रेस्ट कैंसर महिलाओं को प्रभावित करने वाले सबसे आम कैंसर में से एक है। सामान्य तौर पर हमारा शरीर किसी भी बीमारी के पहले चेतावनी संकेत देता है।
Tahira Kashyap Breast Cancer : ब्रेस्ट कैंसर अब दुनिया की सबसे आम कैंसर बीमारी बन गई है और इस रोग से 2040 तक प्रति वर्ष 10 लाख लोगों की मौत होने की आशंका है। पिछले साल फेमस इंटरनेशनल मेडिकल जर्नल‘द लैंसेट’ (The Lancet) की एक रिपोर्ट में ये दावा किया गया था। एक्टर आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) की पत्नी और फिल्म निर्माता ताहिरा कश्यप (Tahira Kashyap) को दोबारा ब्रेस्ट कैंसर हो गया है। 7 साल पहले वह इस बीमारी से उबर चुकी थीं।
आयुष्मान खुराना की पत्नी ताहिरा को सालर 2018 में स्तन कैंसर के स्टेज-0 का पता चला था और उन्होंने ‘मास्टेक्टॉमी’ (Mastectomy) कराई थी। ये एक सर्जिकल प्रक्रिया है जिसमें ब्रेस्ट कैंसर के इलाज के लिए स्तन को पूरी तरह या आंशिक रूप से हटा दिया जाता है। विश्व स्वास्थ्य दिवस (World Health Day 2025) के मौके पर ताहिरा ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपने ब्रेस्ट कैंसर की जानकारी दी है।
क्या है ब्रेस्ट कैंसर?
ब्रेस्ट कैंसर महिलाओं को प्रभावित करने वाले सबसे आम कैंसर में से एक है। यह तब होता है जब स्तनों में कैंसर कोशिकाएं बढ़ जाती हैं और ट्यूमर बन जाती हैं। ब्रेस्ट कैंसर आमतौर पर 50 साल या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को प्रभावित करता है, लेकिन यह पुरुषों के साथ-साथ कम उम्र की महिलाओं में भी हो सकता है। आमतौर पर ब्रेस्ट कैंसर का संबंध अक्सर स्तन में गांठ से होता है। जबकि कई रोगियों में बिना गांठ के भी ब्रेस्ट कैंसर होना संभव है।
ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण (Breast Cancer symptoms)
सामान्य तौर पर हमारा शरीर किसी भी बीमारी के पहले चेतावनी संकेत देता है। ब्रेस्ट कैंसर के भी कुछ शुरुआती लक्षण होते हैं। आगर आपको अपने स्तनों में किसी भी नए बदलाव की चिंता है, तो अपने डॉक्टर से अपने लक्षणों के बारे में जरूर बात करें। ब्रेस्ट कैंसर के शुरुआती लक्षणों को पहचानना बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि समय पर पता चलने से इलाज की संभावना बढ़ जाती है। ये लक्षण हर किसी में अलग-अलग हो सकते हैं।
- स्तन में गांठ या मोटापन: ब्रेस्ट कैंसर का यह सबसे आम लक्षण है। स्तन या बगल में सख्त गांठ महसूस होती है और इस गांठ में दर्द नहीं होता।
- स्तन के आकार में बदलाव: ब्रेस्ट कैंसर की समस्या होने पर महिलाएं स्तन के आकार में परिवर्तन महसूस कर सकती हैं। अगर स्तन के आकार में असामान्य बदलाव दिखे, तो यह संकेत हो सकता है।
- निप्पल से रिसाव: निप्पल से खून, पीप या किसी भी तरह का असामान्य तरल पदार्थ निकलना एक चेतावनी हो सकती है, खासकर अगर यह अपने आप हो।
- त्वचा में बदलाव: स्तन की त्वचा पर लालिमा, डिंपलिंग (संतरे के छिलके जैसी बनावट), या झुर्रियां पड़ना असामान्य हो सकता है।
- निप्पल का अंदर की ओर खिंच जाना: अगर निप्पल अचानक अंदर की ओर मुड़ जाए, तो यह भी एक लक्षण हो सकता है। निप्पल के रंगों में भी बदलाव आ सकता है।
- दर्द: हालांकि ब्रेस्ट कैंसर के मरीज आमतौर पर दर्द महसूस नहीं करते हैं, लेकिन कुछ मामलों में स्तन या बगल में लगातार दर्द हो सकता है।
- अंडरआर्म्स में गांठ या सूजन: स्तन कैंसर में शुरुआती लक्षण के रूप में अंडरआर्म्स में गांठ या सूजन की समस्या का भी सामना करना पड़ सकता है।
ध्यान रहे, अगर आपको ये ये लक्षण महसूस दे रहे हैं, तो घबराएं नहीं। ये लक्षण हमेशा कैंसर के संकेत नहीं होते, ये अन्य कारणों से भी हो सकते हैं। फिर भी एहतियातन अगर आपको इनमें से कोई भी बदलाव नजर आता है, तो समय रहते तुरंत अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
Disclaimer: इस आर्टिकल में बताई विधियां, तरीके और दावे अलग-अलग जानकारियों पर आधारित हैं। REPUBLIC BHARAT आर्टिकल में दी गई जानकारी के सही होने का दावा नहीं करता है। किसी भी उपचार और सुझाव को अप्लाई करने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 7 April 2025 at 16:35 IST