अपडेटेड 13 January 2026 at 23:04 IST
Dalia vs Upma: वजन घटाने के लिए नाश्ते में दलिया खाएं या उपमा? हेल्थ के लिए जानिए कौन है ज्यादा फायदेमंद
Dalia vs Upma: अगर आपको वेट लॉस करना है, तो दलिया या फिर उपमा में नाश्ते में क्या खाना बेहतर होता है। आइए जानते हैं कि सेहत के लिए क्या होता है फायदेमंद।
Dalia vs Upma: वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए सुबह का नाश्ता जरूरी माना जाता है। भारतीय घरों में दलिया और उपमा दोनों ही आसान और हेल्दी नाश्ते के ऑप्शन में आते हैं, जो हल्के होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी अच्छे माने जाते हैं। लेकिन जब बात वेट लॉस की आती है, तो अक्सर लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि दलिया बेहतर है या उपमा। आइए जानते हैं पोषण, कैलोरी और वेट लॉस के नजरिए से दोनों में क्या फर्क है।
दलिया और उपमा में क्या है अंतर?
दलिया टूटे हुए गेहूं से बनाया जाता है और इसमें फाइबर तथा कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट की अच्छी मात्रा होती है। वहीं उपमा सूजी यानी रिफाइंड गेहूं से तैयार किया जाता है, जो जल्दी पच जाता है और शरीर को तुरंत एनर्जी देता है। यही वजह है कि दोनों के असर भी अलग-अलग होते हैं।
न्यूट्रिशन
न्यूट्रिशन की बात करें तो दलिया फाइबर से भरपूर होता है, जिससे यह धीरे-धीरे पचता है और लंबे समय तक पेट भरा रहता है। इससे ब्लड शुगर लेवल भी कंट्रोल में रहता है। वहीं उपमा जल्दी पच जाता है, जिससे भूख जल्दी लग सकती है। इस वजह से वजन घटाने के लिए दलिया को थोड़ा बेहतर ऑप्शन माना जाता है।
कैलोरी
एक कटोरी पके हुए दलिया में लगभग 150 से 180 कैलोरी होती हैं, जिससे यह लो-कैलोरी और हल्का नाश्ता बन जाता है। वहीं उपमा की एक कटोरी में करीब 200 से 220 कैलोरी हो सकती हैं, खासकर तब जब इसे तेल, घी या ड्राई फ्रूट्स डालकर बनाया जाए। ऐसे में कैलोरी के लिहाज से भी दलिया ही बेहतर माना जाता है।
प्रोटीन
दलिया में प्रोटीन और आयरन की मात्रा अच्छी होती है, जो मेटाबॉलिज्म को मजबूत करने और मसल्स को सपोर्ट देने में मदद करती है। उपमा में बी विटामिन पाए जाते हैं और अगर इसमें ढेर सारी सब्जियां मिलाई जाएं तो इसका पोषण स्तर और बढ़ जाता है। हालांकि बिना सब्जियों के उपमा में फाइबर और प्रोटीन की मात्रा कम रहती है।
वजन घटाने के लिए कौन है बेहतर ऑप्शन
जो लोग वजन कम करना चाहते हैं या वजन को कंट्रोल में रखना चाहते हैं, उनके लिए दलिया ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। इसमें फाइबर अधिक और कैलोरी कम होती है, जिससे यह लंबे समय तक पेट भरा रखता है। वहीं उपमा भी एक हेल्दी ऑप्शन हो सकता है, बशर्ते इसे कम तेल में और ज्यादा सब्जियों के साथ तैयार किया जाए।
Disclaimer: इस आर्टिकल में बताई विधियां, तरीके और दावे अलग-अलग जानकारियों पर आधारित हैं। REPUBLIC BHARAT आर्टिकल में दी गई जानकारी के सही होने का दावा नहीं करता है। किसी भी उपचार और सुझाव को अप्लाई करने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 13 January 2026 at 23:04 IST