Ghiya-Chana Dal Recipe: बच्चे भी मांगकर खाएंगे घीया चने की दाल, सेहत के लिए भी अच्छी; खाने में लाजवाब, जानें आसान रेसिपी
क्या आपके बच्चे भी लौकी खाने से मना करते हैं? ट्राई करें यह स्वादिष्ट घीया चना दाल रेसिपी। झटपट बनने वाली ये दाल सेहत के लिए भी काफी अच्छी है, साथ ही स्वाद में लाजवाब होती है। पढे़ं आसान रेसिपि।
अक्सर घरों में यह सवाल उठता है कि खाने में क्या बनाया जाए, जो जल्दी भी बन जाए और सेहतमंद भी हो। अगर आप भी रोज की वही दाल-सब्जी से बोर हो चुके हैं, तो घीया चने की दाल एक बेहतरीन ऑप्शन है। इसे लौकी चना दाल भी कहा जाता है। यह उन लोगों के लिए खास है जो लौकी की साधारण सब्जी खाना पसंद नहीं करते। इस तरीके से बनी दाल इतनी स्वादिष्ट होती है कि बच्चे भी इसे शौक से खाते हैं।
घीया चने की दाल बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
- 1 कप चने की दाल
- लौकी 2 कप (छोटे टुकड़ों में कटी हुई)
- 2 टी स्पून घी, 1 टी स्पून जीरा, आधा टी स्पून हींग तड़का लगाने के लिए
- 1 टी स्पून हल्दी, 1 टी स्पून अदरक, 2 टी स्पून धनिया पाउडर, 1 टी स्पून कश्मीरी लाल मिर्च, आधा टी स्पून गरम मसाला
- आधा कप टमाटर, 2-3 बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया
बनाने का सबसे आसान तरीका
सबसे पहले चने की दाल को धोकर कुकर में 3 कप पानी, हल्दी, नमक, हींग और अदरक के साथ डालें। 3 सीटी आने तक पकाएं और स्टीम निकलने का इंतजार करें।
एक अलग पैन में घी गर्म करें। इसमें जीरा और हींग का तड़का लगाएं। अब टमाटर डालकर नरम होने तक पकाएं।
अब इसमें हरी मिर्च, गर्म मसाला, धनिया पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च डालें। इसके बाद कटी हुई लौकी डालकर थोड़ा भूनें।
तैयार तड़के को उबली हुई दाल में मिलाएं। एक उबाल आने दें, फिर धीमी आंच पर 10 मिनट तक ढंककर पकाएं ताकि लौकी और दाल का स्वाद एक-दूसरे में घुल-मिल जाए।
लास्ट में बारीक कटे हरे धनिए से गार्निश करें। आप स्वाद बढ़ाने के लिए सर्व करते समय थोड़ा नींबू का रस भी डाल सकते हैं।
यह डिश फाइबर और प्रोटीन से भरपूर है, साथ ही इसे बनाना भी बेहद सरल है। गर्म गर्म रोटियों के साथ इसका स्वाद लाजवाब लगता है। आज ही अपने किचन में इसे ट्राई करें और अपने परिवार को खिलाएं।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 29 April 2026 at 21:31 IST