अपडेटेड 6 February 2026 at 17:58 IST
'घूसखोर पंडित जैसे अपमानजनक कंटेंट को प्लेटफॉर्म से हटवाया गया', विवादों के बीच BJP का बयान; गौरव भाटिया बोले- सनातन का अपमान बर्दाश्त नहीं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेटफ्लिक्स पर आने वाली फिल्म 'घूसखोर पंडित' के डायरेक्टर और टीम मेंबर्स के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया, जिसके बाद लखनऊ के हजरतगंज पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेटफ्लिक्स पर आने वाली फिल्म 'घूसखोर पंडित' के डायरेक्टर और टीम मेंबर्स के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया, जिसके बाद लखनऊ के हजरतगंज पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फिल्म के कंटेंट से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक सद्भाव बिगड़ा है, जिसके बाद स्थानीय अधिकारियों ने कार्रवाई की है।
इस मामले में अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रवक्ता गौरव भाटिया का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि यह स्पष्ट संदेश है कि सनातन धर्म का अपमान अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गौरव भाटिया का पूरा बयान
गौरव भाटिया ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "केंद्र के त्वरित और प्रभावी निर्णय का हार्दिक अभिनंदन! 'घूसखोर पंडित' जैसे अपमानजनक कंटेंट को न केवल प्लेटफॉर्म से हटवाया गया है, बल्कि इस मामले में FIR भी दर्ज की गई है। यह स्पष्ट संदेश है कि सनातन धर्म का अपमान अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यावसायिक लाभ के लिए किसी भी जाति या समुदाय को नीचा दिखाने वालों के खिलाफ हम सख्त से सख्त कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' ही हमारा आधार है।"
नीरज पांडे ने क्या कहा था?
विवादों के बीच फिल्ममेकर नीरज पांडे ने एक बयान जारी किया और फिल्म के पीछे अपना मकसद बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "हमारी फिल्म एक फिक्शनल कॉप ड्रामा है, और 'पंडित' शब्द का इस्तेमाल सिर्फ एक फिक्शनल कैरेक्टर के बोलचाल वाले नाम के तौर पर किया गया है। कहानी एक इंसान के कामों और फैसलों पर फोकस करती है और किसी भी जाति, धर्म या समुदाय पर कोई कमेंट नहीं करती या उसे रिप्रेजेंट नहीं करती। एक फिल्ममेकर के तौर पर, मैं अपना काम बहुत जिम्मेदारी के साथ करता हूं ताकि ऐसी कहानियां बता सकूं जो सोच-समझकर बनाई गई हों और सम्मानजनक हों।"
उन्होंने आगे लिखा, “इन चिंताओं को देखते हुए, हमने फिलहाल सभी प्रमोशनल मटेरियल हटाने का फैसला किया है, क्योंकि हमारा मानना है कि फिल्म को पूरी तरह से अनुभव किया जाना चाहिए और उस कहानी के संदर्भ में समझा जाना चाहिए जो हम बताना चाहते थे, न कि अधूरे हिस्सों के आधार पर जज किया जाए। हम जल्द ही दर्शकों के साथ फिल्म शेयर करने का इंतजार कर रहे हैं।”
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 6 February 2026 at 17:58 IST