EPFO से जुड़े कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर, जल्द PF का पैसे ATM और UPI से निकाल सकेंगे; ये रही पूरी डिटेल
PF खाताधारकों के लिए खुशी की खबर आई है। जल्द ही ATM और UPI के जरिए पीएम का पैसा आसानी से निकाला जा सकेगा। क्योंकि EPFO 3.0 के तहत बैंकिंग गेटवे से आपका PF खाता सीधा जोड़ने को लेकर तैयारी की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर।
EPFO 3.0 News: देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए केंद्र सरकार एक बड़ी सौगात लाने की तैयारी कर रही है। अब कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) से पैसा निकालना उतना ही आसान हो जाएगा, जितना अपने बैंक खाते से पैसे निकालना है। सरकार पीएफ खातों को सीधे बैंकिंग गेटवे से जोड़ने की योजना पर काम कर रही है, जिससे लोग भविष्य में ATM और UPI के जरिए अपनी जमा राशि निकाल सकेंगे।
EPFO 3.0 के तहत बैंकिंग गेटवे से जुड़ेगा PF
सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार जल्द ही इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत कर सकते हैं। इसे EPFO 3.0 नाम दिया जा रहा है। इस सिस्टम के लागू होने के बाद पीएफ खाता आपके सामान्य बचत खाते (Savings Account) की तरह काम करेगा। वर्तमान में PF निकालने के लिए ऑनलाइन क्लेम करना पड़ता है और कई दिनों का इंतजार करना होता है, लेकिन नया सिस्टम इस प्रक्रिया को तत्काल (Real-time) बना देगा।
बिना दफ्तर जाए हो सकेगा विड्रॉल
इस नई पहल का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि पीएफ निकासी के लिए अब किसी सरकारी दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और न ही भारी-भरकम कागजी कार्रवाई की जरूरत होगी। PF खाताधारक किसी भी एटीएम पर जाकर निर्धारित सीमा के तहत पैसा निकाल सकेंगे। साथ ही, UPI इंटीग्रेशन: पीएफ बैलेंस का उपयोग यूपीआई के जरिए भुगतान करने या ट्रांसफर करने के लिए भी किया जा सकेगा।
घर बैठे ऐसे चेक करें अपना PF बैलेंस
योजना के पूरी तरह लॉन्च होने से पहले भी आप अपने खाते की जानकारी आसानी से ले सकते हैं। बैलेंस चेक करने के दो आसान तरीके हैं:
- SMS के जरिए: अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 7738299899 पर 'EPFOHO UAN ENG' लिखकर भेजें।
- मिस्ड कॉल: अपने नंबर से 9966044425 पर कॉल करें, कॉल खुद कट जाएगी और एसएमएस से बैलेंस की जानकारी मिल जाएगी।
केंद्र सरकार की इस पहल का उद्देश्य डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देना और मध्यम वर्ग के कर्मचारियों को वित्तीय आपातकाल के समय तुरंत राहत पहुंचाना है। हालांकि, यह सुविधा कब से प्रभावी होगी, इसकी आधिकारिक तारीख का ऐलान अभी नहीं किया गया है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 29 April 2026 at 22:49 IST