Zubeen Garg: कौन थे जुबिन गर्ग? जिनकी स्कूबा डाइविंग हादसे में हुई मौत, PM मोदी ने जताया शोक तो CM हिमंता हुए भावुक
वर्सटाइल सिंगर जुबिन गर्ग का निधन हो गया है। उनके निधन पर पीएम मोदी ने शोक जताया है।
Singer Zubeen Garg Dies: बॉलीवुड इंडस्ट्री से आज, 19 सितंबर 2025 को बेहद बुरी खबर सामने आई है। जाने-माने सिंगर जुबिन गर्ग का निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक, सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई। इसके बाद 'या अली' फेम सिंगर जुबिन गर्ग को समुद्र से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वर्सटाइल सिंगर जुबिन गर्ग के यूं अचानक दुनिया से चले जाने से इंडस्ट्री में मातम पसर गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो जुबिन सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में हिस्सा लेने गए थे। इसमें आज उनके परफॉर्म करने की प्लानिंग थी।
जुबिन के निधन पर PM मोदी ने जताया शोक
जुबिन गर्ग के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। PM मोदी ने ट्वीट कर लिखा, 'लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हूं। उन्हें संगीत में उनके समृद्ध योगदान के लिए याद किया जाएगा। उनकी प्रस्तुतियां सभी क्षेत्रों के लोगों के बीच बहुत लोकप्रिय थीं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।'
सिंगर के निधन पर सीएम हिमंता हुए भावुक
वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। सीएम हिमंता ने ट्वीट कर लिखा, 'आज असम ने अपने एक लाडले बेटे को खो दिया। ज़ुबीन असम के लिए क्या मायने रखते थे, यह बताने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। वह बहुत जल्दी चले गए, यह जाने की उम्र नहीं थी। वो जादुई आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गई है। शब्दों से परे दुखद! ज़ुबीन के निधन पर मैं अपने साथी नागरिकों के साथ शोक व्यक्त करता हूं। ज़ुबीन, आप हमेशा असम के पसंदीदा रॉकस्टार रहोगे।'
अमित शाह ने शोक किया व्यक्त
गृहमंत्री अमित शाह ने भी दुख जताते हुए ट्वीट कर लिखा, 'असम के प्रतिष्ठित गायक, संगीतकार और फ़िल्मी हस्ती ज़ुबीन गर्ग जी के निधन की खबर सुनकर गहरा दुःख हुआ। उन्होंने अपनी स्वर्णिम आवाज से दशकों तक श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया और अपने अमर संगीत से पूरे भारत में एकता के सूत्र पिरोए। उनके निधन से एक ऐसा शून्य पैदा हुआ है जो कभी नहीं भरेगा। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और लाखों फॉलोअर्स के साथ हैं। ॐ शांति।'
कौन थे जुबिन गर्ग?
जुबिन गर्ग ने अपने करियर में असमी, बंगाली और हिंदी भाषी फिल्मों के साथ म्यूजिक इंडस्ट्री में काम किया। उन्होंने 40 अन्य भाषाओं में भी गाने गाए जिसमें ओड़िया, नेपाली, कन्नड़, संस्कृत, सिंधी, मणिपुरी, खासी और इंग्लिश भाषाएं शामिल रहे।
जुबिन गर्ग का जन्म मेघालय के तुरा में एक असमिया ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उनका नाम म्यूजिक कंपोजर जुबिन मेहता के नाम पर रखा गया था। जुबिन के पिता बोरठाकुर मजिस्ट्रेट थे जबकि उनकी मां इली बोरठाकुर सिंगर थीं। उनकी बहन जोगकी बोरठाकुर एक्ट्रेस थीं जिनका निधन एक कार हादसे (2002) में हो गया।
जुबिन गर्ग का करियर
जुबिन गर्ग 1992 में प्रोफेशनल सिंगर बने थे। उन्होंने असमी एल्बम 'अनामिका' से 1992 में म्यूजिक इंडस्ट्री में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने 1995 में मुंबई का रुख किया और बॉलीवुड में हाथ आजमाया। यहां उन्होंने इंडिपॉप सोलो एल्बम 'चांदनी रात' से डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने 'दिल से', 'डोली सजा के रखना', 'चंदा', 'गद्दार', 'कांटे' जैसी फिल्मों के गानों में अपनी आवाज दी।
बता दें कि जुबीन गर्ग को 2006 में इमरान हाशमी स्टारर फिल्म ‘गैंगस्टर' के गाने 'या अली' से फेम मिला था। उन्हें इसी गाने के लिए साल 2006 में हुए ग्लोबल इंडिया फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट ब्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड मिला था।
यह भी पढ़ें: Disha Patani Firing Case: दिशा पाटनी फायरिंग मामले में 5वें आरोपी का एनकाउंटर, 2 को पुलिस ने पहले ही किया था ढेर
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 19 September 2025 at 22:08 IST