कौन हैं सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में पकड़े गए 3 शार्पशूटर? कॉन्ट्रैक्ट किलिंग से जुड़ रहे तार, पूछताछ में जुटी SIT
Suvendu Adhikari PA Murder Case: चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या मामले में तीन शार्पशूटर्स को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक यह एक सुनियोजित कॉन्ट्रैक्ट किलिंग थी, जिसे पेशेवर अपराधियों ने अंजाम दिया।
Suvendu Adhikari PA Murder Case: पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भाजपा नेता Suvendu Adhikari के करीबी सहयोगी और निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में तीन संदिग्ध शार्पशूटर्स को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक यह एक सुनियोजित कॉन्ट्रैक्ट किलिंग थी, जिसे पेशेवर अपराधियों ने अंजाम दिया। मामले की जांच कर रही SIT अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन शार्पशूटर्स को किसने हायर किया और हत्या के पीछे कोई बड़ा साजिशकर्ता तो नहीं है।
UP और बिहार से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को बिहार के बक्सर से हिरासत में लिया गया, जबकि मुख्य शार्पशूटर राज सिंह को उत्तर प्रदेश के बलिया से ट्रेस कर अयोध्या में पकड़ा गया।
बताया जा रहा है कि राज सिंह मूल रूप से बलिया का रहने वाला है, जबकि उसका पैतृक घर बिहार के बक्सर में है। जांच एजेंसियों को उसका सुराग बक्सर के एक अपराधी विशाल से पूछताछ के दौरान मिला।
UPI पेमेंट से मिला अहम सुराग
जांच में यह भी सामने आया है कि ऑपरेशन के दौरान आरोपी मयंक शर्मा ने टोल प्लाजा पर UPI के जरिए भुगतान किया था। पुलिस को इसी डिजिटल ट्रेल से कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की गई। अधिकारियों के मुताबिक आरोपी पुराने और कुख्यात अपराधी हैं, जिनका नाम पहले भी हिंसक वारदातों और टारगेट किलिंग में सामने आ चुका है।
चंदन मिश्रा गैंग से कनेक्शन की जांच
सूत्रों के अनुसार, मयंक मिश्रा का नाम बिहार के चर्चित कॉन्ट्रैक्ट किलर और डॉन चंदन मिश्रा गैंग से भी जुड़ रहा है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या के पीछे गैंगवार, राजनीतिक रंजिश या सुपारी किलिंग का कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था। तीनों आरोपियों से वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों, हथियारों की सप्लाई, स्थानीय मददगारों और फरारी के रास्तों को लेकर लगातार पूछताछ की जा रही है।
6 मई को हुई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या
बता दें, पूर्व वायुसेना कर्मी चंद्रनाथ रथ की 6 मई की रात मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले में मध्यमग्राम थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
इस हत्याकांड को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। तृणमूल कांग्रेस ने मामले की कोर्ट मॉनिटरिंग में सीबीआई जांच की मांग की है। वहीं पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी न्यायिक निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने की मांग उठाई है। फिलहाल पुलिस और SIT इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की हर कड़ी को जोड़ने में जीती हुई है।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 11 May 2026 at 13:02 IST