अपडेटेड 30 June 2025 at 09:19 IST
Monsoon: पूरे देश में मानसून की दस्तक के साथ बारिश का दौर जारी, इन राज्यों में जमकर बरसेंगे मेघा, जानें IMD का ताजा अपडेट
मानसून के दस्तक के साथ दिल्ली-NCR में बारिश का दौर जारी है। वहीं, पहाड़ों बारिश में अब आफत बनकर बरस रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना है।
लंबे इंतजार के बाद आखिरकर राष्ट्रीय राजधानी में मानसून ने दस्तक दे दी। दिल्ली-NCR के कई इलाकों में रविवार को मानसून की पहली झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। बारिश का सिलसिला सोमवार को भी जारी है। सुबह-सुबह लोगों की नीद झमाझम बारिश के साथ खुली। मानसून ने अब लगभग पूरे देश को कवर कर लिया है, यही वजह है कि पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश का सिलसिला जारी है।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इस साल मानसून ने देशभर को सामान्य तिथि से नौ दिन पहले ही कवर कर लिया है। आमतौर पर मानसून पूरे देश में 8 जुलाई तक पहुंचता है, लेकिन इस बार 30 जून को ही यह प्रक्रिया पूरी हो गई। दिल्ली में मानसून के दस्तक के साथ ही तापमान में भी गिरावट आया है। वहीं, मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक दिल्ली-NCR में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है तो सोमवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
पहाड़ से लेकर मैदान तक भारी बारिश
देश के कई हिस्सों में मानसून की बारिश अब कहर बनकर बरस रही है। पहाड़ों में भारी बारिश और लैंडस्लाइड की वजह से भारी तबाही हुई है। लगातार हो रही बारिश की वजह से नदी-नाले उफान पर है। भूस्खलन लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है। उत्तराखंड में लैंडस्लाइड की वजह से सौ से ज्यादा सड़कें ब्लॉक हो गई है। हिमाचल प्रदेश में भी कई शहरों में जोरदार बरसात के बाद हालात बेकाबू हैं, एक तरफ नदियां उफान पर है तो दूसरी ओर पहाड़ दरक रहे हैं, जिसकी वजह से जहां-तहां रास्ते बंद हो गए हैं।
जानें IMD का ताजा अपडेट
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आने वाले सात दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। खासकर झारखंड और ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, उत्तराखंड के कई जिले, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, और नैनीताल में आज भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 30 June 2025 at 09:19 IST