अपडेटेड 27 March 2026 at 09:14 IST
Weather Today: दिल्ली-NCR में आज दिनभर बादलों का डेरा, तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना; जानें मौसम का हाल
Delhi Weather Update: अगर आप दिल्ली-NCR में रहते हैं, तो आज का मौसम आपके लिए थोड़ी राहत लेकर आया है। तेज धूप और गर्मी से परेशान लोगों को आज बादलों की वजह से काफी सुकून मिल सकता है।
Weather Forecast Update Today In Hindi: अगर आप आज सुबह दिल्ली-NCR में सोकर उठे हैं और खिड़की से बाहर देखा है, तो आपको मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया होगा. जी हां, पिछले कुछ दिनों की तपती गर्मी के बाद, आज दिल्लीवालों के लिए राहत की खबर है.
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी शुक्रवार को दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों जैसे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में दिनभर बादलों का डेरा जमा रहेगा। सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी चलती रहेगी, जिससे धूप का असर कम रहेगा और मौसम सुहावना बना रहेगा।
तो चलिए जानते हैं कि मौसम विभाग (IMD) ने आज और आने वाले दिनों के लिए देश भर के मौसम का क्या हाल बताया है।
दिल्ली-NCR: सुहाना रहेगा आज का दिन
राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाकों में आज मौसम मेहरबान रहने वाला है। आज आसमान में दिनभर बादल छाए रहने की उम्मीद है। गरज के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी जिससे मौसम खुशनुमा हो जाएगा। ऐसे में दिन का तापमान अभी थोड़ा ऊपर रह सकता है, लेकिन आने वाले कुछ ही दिनों में यह मौसमी औसत के करीब आ जाएगा, जिससे और राहत मिलेगी।
उत्तर भारत और पहाड़ी इलाके: आंधी-तूफान का अलर्ट
अगर आप पहाड़ों की तरफ जाने का मन बना रहे हैं या मैदानी इलाकों में रहते हैं, तो यह अपडेट जरूर पढ़ लें। बता दें कि अगले दो दिनों तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बिजली कड़कने और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। इस बदलाव का असर पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। इस हफ्ते के अंत तक मैदानी इलाकों में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी आ सकती है, इसलिए सावधानी बरतें।
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत: बारिश का दौर जारी
पूर्वोत्तर राज्य: अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मौसम तूफानी रहेगा। यहां गरज और तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश होने की संभावना है।
पूर्वी राज्य: पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी बिजली चमकने के साथ रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं।
कहां सताएगी गर्मी और उमस?
जहां देश के कई हिस्सों में बारिश राहत लेकर आ रही है, वहीं कुछ राज्यों में मौसम की मार जारी रहेगी। तटीय महाराष्ट्र और केरल के इलाकों में रहने वाले लोगों को तेज गर्मी और भारी उमस परेशान कर सकती है।
छत्तीसगढ़, विदर्भ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में तापमान में पहले हल्की बढ़ोतरी होगी और फिर यह स्थिर होकर थोड़ा नीचे आ जाएगा।
Published By : Samridhi Breja
पब्लिश्ड 27 March 2026 at 09:14 IST