अपडेटेड 23 May 2025 at 07:44 IST

Weather: यूपी के 42 जिलों में गरजेंगे बादल, तेज आंधी का भी अलर्ट, दिल्ली-बिहार सहित देशभर में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?

भीषण गर्मी के बीच अब मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आज यानी शुक्रवार (23 मई) को यूपी के कई जिलों में तेज आंधी, बिजली गिरने और बारिश के आसार हैं।

Follow :  
×

Share


आंधी-बारिश का मौसम | Image: Republic-Bharat-Video-Grab

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आज यानी शुक्रवार (23 मई) को यूपी के कई जिलों में तेज आंधी, बिजली गिरने और बारिश के आसार हैं। प्रदेश के 42 जिलों में मौसम बिगड़ सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

राज्य के पूर्वी और तराई क्षेत्रों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़, बस्ती, देवरिया जैसे जिलों में बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसी तरह पश्चिमी यूपी के मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़, बरेली, सहारनपुर जैसे शहरों में भी तेज आंधी और हल्की बारिश की संभावना है।

दिल्ली-NCR में भी होगी बारिश, बिहार में भीषण गर्मी

उत्तर भारत में तेज धूप और भीषण गर्मी का कहर जारी है। यूपी, बिहार और राजस्थान जैसे राज्यों में लोग गर्मी से बेहाल हैं। वहीं दिल्ली में अचानक बदले मौसम से लोगों को राहत मिली है। दिल्ली में तेज आंधी, बारिश और ओले गिरे जिससे तापमान गिरकर 20.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। ये सामान्य से करीब 6 डिग्री कम है। इसी कारण गुरुवार सुबह दिल्ली का मौसम थोड़ा ठंडा और राहत देने वाला रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में दिल्ली में अच्छी बारिश हुई है। शुक्रवार और शनिवार को भी बारिश और बिजली गिरने के आसार हैं। दूसरी ओर, यूपी, बिहार और राजस्थान में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

झांसी में गर्मी का कहर

वहीं एक दिन पहले झांसी पूरे देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बांदा भी पीछे नहीं रहा, वहां पारा 45.4 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं मेरठ में सबसे कम तापमान 18.2 डिग्री दर्ज किया गया। गोरखपुर में 19.6 मिमी बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया।

अंधड़ से तबाही, 22 लोगों की मौत

साथ ही पश्चिमी यूपी में तेज आंधी और बारिश ने तबाही मचाई हुई है, मेरठ, अमरोहा, संभल, आगरा सहित 12 जिलों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से 22 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। कई घरों की दीवारें गिर गईं और लोगों को भारी नुकसान हुआ। इस दौरान हवाओं की रफ्तार करीब 80 किमी प्रति घंटा तक रही।

अगले कुछ दिन ऐसे रहेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि 23 से 28 मई तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

निवासियों को सलाह दी गई है कि वे खराब मौसम में घर से बाहर निकलने से बचें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें। 

यह भी पढ़ें : भूकंप के तेज झटके से कांपा नेपाल, इस देश में भी हिली धरती

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 23 May 2025 at 07:44 IST