Sunita Williams की अंतरिक्ष से वापसी पर भारत में खुशी की लहर, जितेंद्र सिंह ने बताया गौरव, गर्व और राहत का क्षण
नौ महीने के लंबे समय के बादसुनीता विलियम्स की अंतरिक्ष से वापसी हो गई है। जितेंद्र सिंह ने विलियम्स की सुरक्षित वापसी को गौरव, गर्व और राहत का क्षण बताया है।
Jitendra Singh on Sunita Williams Return: अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की नौ महीने के लंबे समय के बाद अंतरिक्ष से वापसी हो गई है। दोनों स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल पर बैठकर सकुशल धरती पर उतरे। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सुनीता और बुच की सुरक्षित वापसी को गौरव, गर्व और राहत का क्षण बताया है।
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर नौ महीने रहने के बाद विलियम्स धरती पर लौट आईं जिससे दुनियाभर में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा, एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिका के अलावा एस्ट्रॉनॉट्स की सफल लैंडिंग से भारत में भी जश्न का माहौल है।
गौरव, गर्व और राहत का क्षण- जितेंद्र सिंह
नासा के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की वापसी पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा- 'गौरव, गर्व और राहत का क्षण! पूरा विश्व भारत की इस शानदार बेटी की सुरक्षित वापसी का जश्न मनाने के लिए एक साथ आया है, जो अंतरिक्ष की अनिश्चितताओं को सहन करने के साहस, दृढ़ विश्वास और स्थिरता के लिए इतिहास में दर्ज हो गई है।'
सुनीता को भारत आने का न्योता
इससे एक दिन पहले ही केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर सुनीता विलियम्स के नाम पीएम मोदी का एक पत्र शेयर किया था। पीएम मोदी ने सुनीता विलियम्स की धरती पर वापसी से पहले एक खास चिट्ठी लिखी थी जिसमें उन्होंने कहा कि भले ही आप हजारों मील दूर हों, लेकिन आप हमारे दिलों के करीब हैं। इसके साथ ही PM मोदी ने धरती पर लौटने के बाद सुनीता को भारत आने का न्योता भी दे दिया।
'भारत के लिए सबसे प्रतिभाशाली बेटियों…'
पीएम मोदी ने पत्र में बताया कि भारत के लोग आपके अच्छे स्वास्थ्य और आपके मिशन में सफलता के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, 'आपकी वापसी के बाद हम भारत में आपसे मिलने को उत्सुक हैं। भारत के लिए अपनी सबसे प्रतिभाशाली बेटियों में से एक की मेजबानी करना खुशी की बात होगी।'
इसके अलावा पीएम मोदी ने साल 2016 में अमेरिकी दौरे के दौरान सुनीता विलियम्स और उनके दिवंगत पिता दीपक पंड्या से हुई मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हमारी बातचीत के दौरान आपका नाम आया और हमने चर्चा की कि हमें आप पर और आपके काम पर कितना गर्व है। इस बातचीत के बाद मैं खुद को आपको पत्र लिखने से नहीं रोक सका।
सुनीता की उपलब्धियों पर हमेशा गर्व रहा- PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने अपने अमेरिका दौरे के वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जो बाइडेन से सुनीता विलियम्स के बारे में पूछा था। उन्होंने कहा कि 1.4 अरब भारतीयों को विलियम्स की उपलब्धियों पर हमेशा गर्व रहा है। हाल के घटनाक्रमों ने एक बार फिर आपके प्रेरणादायी धैर्य और दृढ़ता को दर्शाया है। उन्होंने पत्र में लिखा कि बोनी पंड्या (विलियम्स की मां) उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रही होंगी और उन्हें यकीन है कि दीपक भाई (विलियम्स के पिता) का आशीर्वाद भी उनके साथ है। इसके अलावा पीएम मोदी ने अपने पत्र में माइकल विलियम्स (सुनिता के पति) को भी अपनी शुभकामनाएं भेजीं।
17 घंटे का सफर तय कर धरती पर लौटीं सुनीता
बता दें कि सुनिया विलियम्स और बुच विल्मोर अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) पर 286 दिन बिताने के बाद 19 मार्च की सुबह 3 बजकर 27 मिनट (भारतीय समयानुसार) पर धरती पर सकुशल लौट आए हैं। स्पेसएक्स ड्रैगन कैप्सूल को ISS से धरती पर वापसी यात्रा में लगभग 17 घंटे का समय लगा।
यह भी पढ़ें: 'वादा किया और निभाया...', सुनीता विलियम्स की सफल वापसी पर बोले डोनाल्ड ट्रंप, Elon Musk का किया शुक्रिया अदा
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 19 March 2025 at 09:02 IST