बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच रामनवमी पर हिंसा, मुर्शिदाबाद में तीन जगहों पर झड़प, कई दुकानों में आगजनी-तोड़फोड़; धारा-144 लागू

Murshidabad news: रामनवमी के दिन पश्चिम बंगाल में जगह-जगह शोभायात्राएं निकाली गईं। मुर्शिदाबाद में जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच तीन अलग-अलग जगहों पर हिंसा हुई। झड़प में कई लोग घायल हुए।

Follow :  
×

Share


मुर्शिदाबाद में मचा बवाल | Image: X, ANI

West Bengal news: पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच रामनवमी के दिन कई जगह हिंसा भड़क गई। मुर्शिदाबाद में शोभायात्रा के दौरान तीन अलग-अलग जगहों पर दो समुदायों के बीच जुलूस के दौरान झड़प हो गई। इस दौरान कई दुकानों में तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी भी हुई। इस झड़प में कई लोगों के घायल होने की खबर है।

हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस और केंद्रीय बल की टीमें मौके पर पहुंची। इसके बाद पूरे शहर में धारा 144 लगा दी गई है, जिसके तहत चार या उससे ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक है। माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

भगवा झंडा हटाने का आरोप

झड़प की शुरुआत रघुनाथगंज-फुलतला ट्रैफिक मोड़ पर हुई। आरोप है कि यहां कुछ लोग सड़क किनारे लगे एक होर्डिंग पर चढ़ गए और उस पर लगे केसरिया झंडे को हटा दिया गया। इससे जुलूस में शामिल लोग भड़क गए।

झड़प फुलतला के अलावा आसपास के बाजार क्षेत्र और एक अन्य मोहल्ले में भी फैल गई। भीड़ ने कई दुकानों में तोड़फोड़ की, सामान लूटा और कुछ दुकानों में आग लगा दी। दोनों पक्षों से पथराव भी हुआ। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं।

पुलिस ने स्थिति को यूं संभाला

सूचना मिलने पर केंद्रीय बलों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इस दौरान लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया गया। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

ममता सरकार पर बरसी BJP

BJP ने भगवा ध्वज को अपमानजनक ढंग से नीचे उतारने और फेंकने का आरोप लगा है। विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने इसकी वीडियो शेयर कर इसे भगवा ध्वज और सनातन धर्म का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ ममता बनर्जी की तुष्टीकरण की नीतियों की वजह से है कि आज हमारे ही राज्य में सनातनियों को बार-बार बेइज्जत किया जा रहा है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मुर्शिदाबाद में रामनवमी के अवसर पर यह हिंसा चुनाव के बीच हुई है। बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को वोटिंग होनी है। ऐसे में रामनवमी जैसे धार्मिक त्योहारों पर हिंसा की घटनाएं राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रही हैं। मुर्शिदाबाद जिला लंबे समय से संवेदनशील माना जाता रहा है। पिछले कुछ वर्षों में भी यहां रामनवमी जुलूस के दौरान तनाव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

मुर्शिदाबाद पुलिस के DIG ने कहा कि कई लोगों की गिरफ्तारी की बात कही है। फिलहाल हालात काबू में बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR को मिलेगी 'नई उड़ान', PM मोदी आज करेंगे Jewar Airport का उद्घाटन
 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 28 March 2026 at 09:09 IST