अपडेटेड 26 March 2026 at 21:09 IST
Vande Bharat: वंदे भारत एक्सप्रेस में मिला खाना, तो दही में रेंगते मिले कीड़े, IRCTC पर 10 लाख और कैटरर पर 50 लाख का जुर्माना, VIDEO
Vande Bharat Express IRCTC Fine: पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस के खाने में कीड़े मिलने पर रेल मंत्रालय ने ऐतिहासिक कार्रवाई की है। IRCTC पर 10 लाख और कैटरिंग कंपनी पर 50 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया है।
Vande Bharat Express IRCTC Fine: देश की सबसे आधुनिक और प्रीमियम ट्रेन मानी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में खान-पान की गुणवत्ता को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पटना से टाटानगर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 21896) में यात्रियों को परोसे गए खाने में भारी लापरवाही बरती गई, जिसके बाद रेल मंत्रालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए IRCTC और कैटरर पर भारी जुर्माना ठोका है।
वायरल वीडियो ने खोली सिस्टम की पोल
दरअसल, यह पूरा मामला 15 मार्च 2026 का है, जब ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि डिनर के साथ दिए गए दही के कप में कीड़े रेंग रहे थे। यात्री ने दावा किया कि उसने एक नहीं बल्कि दो-तीन कप चेक किए और सभी में यही स्थिति थी। सबसे डराने वाली बात यह थी कि एक अन्य यात्री ने तो आधा दही खा भी लिया था, जिसके बाद उसे इसमें कीड़े होने का पता चला। यात्री का आरोप है कि शिकायत के बावजूद मौके पर मौजूद स्टाफ ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
रेल मंत्रालय का सख्त एक्शन
वीडियो के वायरल होते ही रेल मंत्रालय हरकत में आ गया। मंत्रालय ने इसे यात्रियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ मानते हुए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई। मामले में IRCTC पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, खाने की आपूर्ति करने वाली कैटरिंग कंपनी पर 50 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना ठोंका गया है। इतना ही नहीं, रेलवे ने तत्काल प्रभाव से उस कंपनी का टेंडर भी रद्द कर दिया है, जिससे भविष्य में वह रेलवे में सेवाएं न दे सके।
ट्रेनों में गुणवत्ता ही सर्वोच्च प्राथमिकता
भारतीय रेलवे के प्रवक्ता ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और भोजन की उच्च गुणवत्ता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। खासकर वंदे भारत जैसी ट्रेनों में, जहां यात्री बेहतर सुविधाओं के लिए प्रीमियम किराया देते हैं, वहां ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अगर किसी वेंडर या कैटरर की ओर से ऐसी शिकायत आती है, तो उनके खिलाफ इसी तरह की कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने यात्रियों को सतर्क किया है कि सफर के दौरान सीलबंद खाना लेते समय भी उसकी एक्सपायरी डेट और गुणवत्ता की जांच जरूर करनी चाहिए। अगर कहीं भी गड़बड़ी दिखे, तो तुरंत 'रेल मदद' ऐप या सोशल मीडिया के जरिए इसकी शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 26 March 2026 at 21:07 IST