अपडेटेड 6 August 2025 at 13:47 IST
UP: रायबरेली में स्वामी प्रसाद मौर्य पर हमला, स्वागत के दौरान दो युवकों ने मारा थप्पड़; गुस्साए कार्यकर्ताओं ने आरोपी को जमकर पीटा
Swami Prasad Maurya Attacked: रायबरेली में पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य पर हमले की घटना सामने आई। कई लोग स्वागत के लिए उन्हें माला पहना रहे थे। तभी पीछे से आए एक शख्स ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। पूरी घटना कैमरे में कैद हुई।
Swami Prasad Maurya Attacked: RSSP के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य पर हमले की खबर सामने आ रही है। रायबरेली में पूर्व मंत्री पर हमला हुआ। स्वागत के दौरान माला पहनाते हुए दो युवकों ने मौर्य पर अटैक किया। माला पहनाते हुए पीछे से आए शख्स ने उनके सिर पर तमाचा मारा। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
पहले पहनाई माला, फिर मारा थप्पड़
बताया जा रहा है कि लखनऊ से फतेहपुर जाते समय स्वामी प्रसाद मौर्य रायबरेली में रुके थे। तभी मिलएरिया थाना क्षेत्र के सारस चौराहे में यह घटना हुई।
वीडियो में देखने मिल रहा है कि कार से उतरे स्वामी प्रसाद मौर्य का स्वागत करने के लिए कई लोग इकट्ठा हुए हैं। इस दौरान कुछ लोग उन्हें माला पहनाते नजर आए। तभी एक शख्स पीछे से आया और उसने मौर्य के सिर पर तमाचा मार दिया। वहां उस वक्त पुलिस भी मौजूद थी।
कार्यकर्ताओं ने युवकों को पीटा
इस घटना से कार्यकर्ता गुस्से से आ गए और उन्होंने युवकों को जमकर पीटा। कार्यकर्ता लात-घूसे से युवकों को पीटने नजर आए। हमले के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। पूरे हंगामे के बीच मौके पर मौजूद पुलिस ने बीच बचाव किया। अब तक हमला करने वालों की पुष्टि नहीं हो हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
योगी सरकार पर बरसे स्वामी प्रसाद मौर्य
इस घटना को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सरकार पर गुंडाराज और ठाकुरों को छूट देने का आरोप लगाया है। मौर्या ने इस हमले का आरोप करणी सेना पर लगाया और कहा कि ऐसे गुंडे-माफियाओं के खिलाफ योगी सरकार मौन है। उनको मौन सहमति मिल चुकी है। यही लोग उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को मिट्टी में मिलाने का काम कर रही है। पुलिस की मौजूदगी में ये घटना होने पर उन्होंने कहा कि यही जंगलराज, गुंडाराज है। इनके हौसले इतने बुलंद है।
गौरतलब है कि स्वामी प्रसाद मौर्य अक्सर ही अपने विवादित टिप्पणियों के कारण सुर्खियों में रहते हैं। उन पर पहले भी हमले हुए हैं। हाल में कांवड़ियों पर दिए गए उनके बयान पर हंगामा मचा, जिसके बाद लखनऊ में उनके आवास के बाहर सुरक्षा भी बढ़ाई गई थी।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 6 August 2025 at 13:42 IST