अखिलेश यादव इतनी देर से रामलला के दर्शन करने अयोध्या क्यों जा रहे हैं? सांसद अवधेश प्रसाद ने किया खुलासा, कहा- भाजपा उनकी लोकप्रियता से....
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर BJP लगातार सवाल उठा रही है। अब सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने खुलासा किया है कि अखिलेश यादव इतनी देर से रामलला के दर्शन करने क्यों जा रहे हैं?
- भारत
- 3 min read
22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहला मौका होगा जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव अयोध्या दौरा पर होगें, जिसमें वे राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। अब अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले 12 दिसंबर को सपा प्रमुख का प्रस्तावित अयोध्या दौरा राजनीतिक रूप से चर्चा का विषय बनेगा। BJP लगातार उनके दौरे को लेकर सवाल उठा रही है। अब अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने खुलासा किया है कि अखिलेश यादव इतनी देर से रामलला के दर्शन करने अयोध्या क्यों जा रहे हैं?
सपा नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडे ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि सपा प्रमुख अपने पूरे परिवार के साथ 12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे। अयोध्या में पूरा दिन बिताएंगे। राम मंदिर में रामलला के दर्शन के बाद वह हनुमानगढ़ी भी जाएंगे। इस दौरान वो साधु-संतों और महंतों से भी मुलाकात कर सकते हैं।
सांसद अवधेश प्रसाद ने किया बड़ा खुलासा
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने 12 दिसंबर को अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर कहा, "...केदारेश्वर महाराज का भव्य मंदिर बन रहा है। यह देश का एक अद्वितीय मंदिर है और करीब-करीब बनकर तैयार हो चुका है। उसकी प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष 12 दिसंबर को प्रभु श्री राम के दर्शन करने के लिए अपने पूरे परिवार के साथ आएंगे..."
उन्होंने आगे कहा, "भाजपा के लोग परेशान हैं, उनकी(अखिलेश यादव) बढ़ती लोकप्रियता, उनके प्रति लोगों का बढ़ता हुआ लगाव है, विश्वास है। दूसरी तरफ भाजपा के प्रति गिरता हुआ विश्वास, गिरता हुआ लगाव है... ये भाजपा के लिए परेशानी का सबब बन चुका है इसलिए भाजपा के लोग परेशान हैं।"
अखिलेश के अयोध्या दौरे पर क्या बोली BJP?
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने 12 दिसंबर को अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर कहा, "चुनाव नजदीक हैं तो समाजवादी पार्टी अब हर जगह जाएगी। अभी तक उनको अयोध्या याद नहीं आई, पिछड़ों की याद नहीं आई, दलित समाज की याद नहीं आई और अब चुनाव है तो इन तमाम चीजों के बारे में याद करके जनता को गुमराह करने के एजेंडे के साथ ये लोग काम कर रहे हैं लेकिन प्रदेश की जनता सजग है और इनके बहकावे में नहीं आने वाली है... "
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 7 November 2026 at 19:21 IST