UP: अयोध्या में मारा गया पूर्वांचल का कॉन्ट्रैक्ट किलर भानु प्रताप सिंह, दो लाख रुपये के इनामी बदमाश पर दर्ज थे 40 से अधिक मुकदमे

UP STF Encounter 2026: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में STF ने मुठभेड़ के दौरान पूर्वांचल के कुख्यात कॉन्ट्रैक्ट किलर भानु प्रताप सिंह (2 लाख का इनामी) को मार गिराया है, जिसके पास से AK-47 मिली है। वहीं बरेली एसटीएफ ने दिल्ली से 50 हजार के इनामी गोतस्कर को गिरफ्तार किया है।

 
Follow :
UP Bhanu Pratap Singh Encounter | Image: Social media

UP STF Encounter 2026: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ जारी मुहिम के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रयागराज STF की टीम ने रविवार देर रात अयोध्या जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र में हुई एक मुठभेड़ में पूर्वांचल के कुख्यात कॉन्ट्रैक्ट किलर और शातिर बदमाश भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू को मार गिराया है। मारे गए इस अपराधी पर विभिन्न जिलों से कुल दो लाख रुपये का इनाम घोषित था और उसके पास से घातक AK-47 राइफल भी बरामद की गई है।

घेराबंदी के दौरान STF पर झोंका फायर

पुलिस और STF को भानु प्रताप सिंह की मौजूदगी के बारे में पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके बाद इंस्पेक्टर जेपी राय के नेतृत्व में प्रयागराज STF की टीम ने महाराजगंज थाना क्षेत्र के अहमदपुर घाट तिराहे के पास उसकी घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख शातिर बदमाश ने टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। 

इस अचानक हुए हमले में STF के प्रभारी इंस्पेक्टर जेपी राय और एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गए। STF द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में भानु प्रताप के सीने में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अयोध्या ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गोरखपुर के भानु पर 40 से अधिक मुकदमे दर्ज

मारा गया बदमाश भानु प्रताप सिंह मूल रूप से गोरखपुर जिले के बेलघाट थाना क्षेत्र के बिखनीपुर (विधनापार) का रहने वाला था। वह लंबे समय से पुलिस और कानून के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। उस पर हत्या, डकैती और लूट जैसी विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अलग-अलग जिलों में 40 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। 

उसकी इसी संलिप्तता के कारण आजमगढ़ पुलिस ने 1 लाख रुपये, अंबेडकरनगर पुलिस ने 50 हजार रुपये, गोरखपुर पुलिस ने 25 हजार रुपये और बस्ती पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था (कुल 2 लाख रुपये का इनाम)। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

ये भी पढ़ें:  Viral Video: 70KM की रफ्तार से आया तूफान; IGI एयरपोर्ट पर अपने आप चलने लगी सीढ़ी, पकड़ने के लिए स्टॉफ ने लगाई दौड़, फिर जो हुआ…

Published By : Shashank Kumar

पब्लिश्ड 8 June 2026 at 13:11 IST