अपडेटेड 6 December 2024 at 16:16 IST
UP: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस और टैंकर की जोरदार टक्कर, 8 की मौत, 40 घायल
कन्नौज जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस और पानी के टैंकर के बीच टक्कर हुई है। हादसे में बस सवार 8 यात्रियों की मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जगहों पर शुक्रवार को एक के बाद एक कई सड़क हादसे हुए। पीलीभीत, चित्रकूट के बाद दोपहर में कन्नौज जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हुआ। डबल डेकर बस और टैंकर की जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है। घटना सकरावा और सौरिख थानों के बीच हुई।
कन्नौज जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में डबल डेकर बस और टैंकर की टक्कर हुई है। हादसे में 8 यात्रियों की मौत की सूचना मिली है। जबकि बड़ी संख्या में यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद कई लोग बस के नीचे दब गए। कड़ी मशक्कत के बाद इन्हें रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। हादसा दोपहर एक बजे के आसपास की बताई जा रही है। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।
बस-पानी के टैंकर की जोरदार टक्कर
कन्नौज SP अमित कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बस-पानी के टैंकर की टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया।
लखनऊ से दिल्ली जा रही थी बस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन कर बस के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों गाड़ियों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक भी कई मीटर तक घसिटने के बाद पलट गया।
यह भी पढ़ें: UP: चित्रकूट में भीषण सड़क हादसा, बोलरो-ट्रक में टक्कर, हादसे में 5 लोगों की मौत, 6 घायल
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने रोका काफिला
जानकारी के मुताबिक, बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। इस दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला एक्सप्रेस-वे से गुजर रहा था। हादसे को देखते हुए उन्होंने अपने काफिले को रोका और बचाव कार्य में मदद की। घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों को घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए। इससे पहले उत्तर प्रदेश के पीलीभीत और चित्रकूट में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 11 लोगों की मौत हो गई।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 6 December 2024 at 16:08 IST