UP: पीलीभीत में रामलीला मेले में अंधाधुंध फायरिंग, सगे भाइयों समेत 3 की मौत, मेले के हिसाब-किताब को लेकर हुआ था विवाद
यूपी के पीलीभीत में रामलीला कमेटी की बैठक में मेले के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद में फायरिंग हो गई। गोली लगने से सगे भाईयों समेत 3 की मौत हो गई।
- भारत
- 2 min read
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में रामलीला मेले में फायरिंग की घटना हुई है। अमरिया कस्बे में रामलीला मेला कमेटी के पिछले साल के आय-व्यय के हिसाब-किताब को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ताबड़तोड़ फायरिंग हो गई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल अवस्था में अस्पताल में इलाज करा रहा है।
एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा ने तीन मौतों की पुष्टि की है। मारे गए लोगों में 14 वर्षीय कुनाल श्रीवास्तव ,अंकित गुप्ता और अंकित के भाई मोहित गुप्ता शामिल हैं। मोहित को गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। चौथे घायल व्यक्ति का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गोली लगने से मौके पर दो की मौत
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर शाम आगामी रामलीला मेले की तैयारियों और पिछले मेले के हिसाब-किताब पर चर्चा के लिए बैठक बुलाई गई थी। बैठक में पिछले वर्ष के आय-व्यय का ब्योरा मांगे जाने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी बढ़ते-बढ़ते एक पक्ष ने रायफल से फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से कुणाल, अंकित गुप्ता, मोहित गुप्ता और एक अन्य युवक घायल हो गए।
थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर फायरिंग
पुलिस के अनुसार, फायरिंग की घटना थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां कुणाल जिसे सिर में और अंकित जिसे कंधे में गोली लगी थी को मृत घोषित कर दिया गया। मोहित की बरेली ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। चौथा शख्स का इलाज चल रहा है।
रामलीला मेले के हिसाब-किताब को लेकर विवाद
अमरिया कस्बे में हर साल नवरात्रि के मौके पर रामलीला का मंचन होता है। पिछले वर्ष मेला कमेटी के पदाधिकारी रहे अमित गुप्ता ने बैठक बुलाई थी। पुलिस के मुताबिक, इस बार मेला कमेटी का पदाधिकारी बनने की दावेदारी कर रहे कौशल गुप्ता ने खर्चे के हिसाब पर सवाल उठाए और हंगामा कर दिया। अमित गुप्ता और उनके सहयोगी कुणाल गुप्ता ने आपत्ति जताते हुए कहा कि पूरी कमेटी बैठी है, संयम से काम लें और हर खर्च का हिसाब दिया जा रहा है। इसी दौरान अचानक फायरिंग शुरू हो गई। पुलिस ने फायरिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 13 October 2026 at 07:59 IST