UP: उन्नाव में राम मंदिर का निर्माण करवा रहे साधु की हत्या के बाद तनाव... हिरासत में 3 आरोपी, बवाल के बाद ताबड़तोड़ बुलडोजर एक्शन

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में राम मंदिर का निर्माण करवा रहे साधु मिलन दास की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। इस वारदात के बाद जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह हरकत में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

 
Follow :
unnao-sadhu-stabbed-to-death-during-temple-construction-dispute-in-ghuretola-unnao unnao-sadhu-stabbed-to-death-during-temple-construction-dispute-in-ghuretola-unnao | Image: X

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बांगरमऊ से एक निर्माणाधीन मंदिर में रहकर ईश्वर की भक्ति और भजन-कीर्तन में लीन रहने वाले साधु मिलनदास की चाकू गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

आपको बता दें, बांगरमऊ के घूरे टोला मुहल्ला निवासी 45 वर्षीय साधु मिलनदास लगभग 30 वर्षों से बांगरमऊ के पश्चिम छोर स्थित बोधेश्वर मंदिर के पुजारी सेवा चैतन्य ब्रह्मचारी के सेवादार थे। सितंबर,2025 में पुजारी की मृत्यु के बाद उन्होंने मंदिर में रहना छोड़ लगभग 200 मीटर दूर एक दूसरे मंदिर का निर्माण शुरू कराया था।

सनातन आस्था पर हमला और रंजिश का आरोप

मृतक साधु के परिजनों का आरोप है कि मिलनदास का मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना करना कुछ लोगों को खटक रहा था। परिजनों का कहना है कि इसी रंजिश के चलते इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया। इसे महज एक व्यक्ति की हत्या न मानकर, इसे सनातन आस्था पर सीधा हमला करार देते हुए परिजनों ने मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तत्काल सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस और नगर पालिका की टीम ने भारी सुरक्षा के बीच कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अतीक के कथित अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया। बताया जा रहा है कि यह वही परिसर है जहां साधु की हत्या की गई थी। प्रशासन का यह कदम अपराधियों के हौसले पस्त करने और सख्त संदेश देने के उद्देश्य से उठाया गया है।

पुलिस की जांच और सुरक्षा व्यवस्था

फिलहाल अभी गांव में तनाव को देखते हुए  पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। उन्नाव पुलिस ने इस हत्याकांड का जल्द खुलासा करने के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब तक तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

ये भी पढ़ें - Delhi Travel Allowance: कार-बाइक छोड़िए, मेट्रो और बस से ऑफिस जाने पर मिलेगी एक्स्ट्रा सैलरी, दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला
 

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 10 June 2026 at 19:15 IST