क्या इतनी खतरनाक है डीजे की तेज आवाज? UP में 'कानफाडू शोर' से 140 मुर्गियों ने तोड़ा दम, जानिए ऐसा क्यों हुआ
UP: सुल्तानपुर में बारात के तेज DJ ने 140 मुर्गियों की जान लेली। शोर से मची भगदड़ और दहशत के कारण मुर्गियों की मौत हो गई। पुलिस ने डीजे ऑपरेटर के खिलाफ दर्ज किया केस। जानें क्या है पूरा मामला? पढ़ें पूरी खबर।
Sound Pollution News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियों के बीच बज रहा तेज डीजे (DJ) 140 मुर्गियों की मौत का कारण बन गया। पोल्ट्री फार्म मालिक के यहां मामत छा गया। बारात में बज रहे संगीत के बहुत ज्यादा शोर के कारण पोल्ट्री फार्म में मौजूद 140 मुर्गियों की घबराहट और भगदड़ की वजह से मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए डीजे ऑपरेटर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव की है। 25 अप्रैल की रात को बब्बन विश्वकर्मा की बेटी की शादी थी, जिसमें राम भद्र पुरवा गांव से बारात आई थी। बारात के साथ चल रहा डीजे अपनी पूरी क्षमता और कान फोड़ने वाली आवाज में बज रहा था।
जैसे ही यह बारात साबिर अली के पोल्ट्री फार्म के पास पहुंची, संगीत की धमक और तेज आवाज से फार्म के भीतर मुर्गियों में अफरा-तफरी मच गई। तेज ध्वनि के कारण मुर्गियां इस कदर डर गईं कि उनमें भगदड़ मच गई और देखते ही देखते 140 मुर्गियों ने दम तोड़ दिया।
ध्वनि प्रदूषण पक्षी और जानवरों के लिए जानलेवा
पोल्ट्री फार्म के मालिक साबिर अली की शिकायत पर बल्दीराय पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने कुड़वार थाना क्षेत्र के निवासी और डीजे ऑपरेटर कवि यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बतादें उपनिरीक्षक भरत सिंह मामले की पड़ताल कर रहे हैं। साक्ष्यों के आधार पर डीजे संचालक की भूमिका की जांच की जा जाएगी।
140 मुर्गियों की मौत से भारी नुकसान
फार्म मालिक ने 140 मुर्गियों के मरने से भारी आर्थिक नुकसान का दावा किया है। यह घटना ध्वनि प्रदूषण के खतरनाक प्रभावों को फिर से उजागर करती है। पशु विशेषज्ञों के मुताबिक, पक्षी और जानवर तेज आवाज और कंपन के प्रति बहुत संवेदनशील होते हैं। अत्यधिक शोर उनके दिल की धड़कन बढ़ा सकता है और उनमें 'पैनिक' (घबराहट) पैदा कर सकता है, जो अक्सर जानलेवा साबित होता है।
बल्दीराय पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे शादी-समारोहों के दौरान डीजे की आवाज को निर्धारित मानकों के भीतर ही रखें। ग्रामीण इलाकों में अक्सर बिना किसी रोक-टोक के बजने वाले ये साउंड सिस्टम न सिर्फ इंसानों के लिए स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा करते हैं, बल्कि बेजुबान जानवरों के लिए भी घातक बन रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 30 April 2026 at 20:19 IST