अपडेटेड 19 February 2026 at 11:51 IST
UP बोर्ड की परीक्षा देने एग्जाम सेंटर पहुंचा 12वीं का छात्र, गेट पर पहुंचते ही बिगड़ी तबीयत, हुआ बेहोश... हार्ट अटैक से मौत की आशंका
Heart Attack Death: यूपी के सिद्धार्थनगर 17 साल के रवि यादव की मौत से हड़कंप मच गया है। युवक यूपी बोर्ड की परीक्षा देने एग्जाम सेंटर पहुंचा था। गेट पर अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और बेहोश हो गया। उसकी मौत के पीछे की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है।
UP News: जिंदगी का कोई भरोसा नहीं... मौत कब किस रूप में दस्तक दे जाए, ये कोई नहीं जानता। खासकर आजकल के समय में जब युवाओं में हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, वो हर किसी को परेशान कर रहे हैं। कई लोग नाचते-गाते, खेलते-कूदते या जिम में पसीना बहाते हुए चंद सेकंड में ही दुनिया छोड़ जाते हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर से सामने आया है। यहां 17 साल के युवक रवि यादव की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसर गया है।
जानकारी के अनुसार युवक यूपी बोर्ड की परीक्षा देने के लिए एग्जाम सेंटर पहुंचा ही था। इस दौरान गेट पर उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया और यहां उसकी मौत हो गई। हार्ट अटैक से युवक की मौत की आशंका है।
सेंटर पहुंचे ही बिगड़ी तबीयत और फिर…
चिल्हिया थाना क्षेत्र के ग्राम बभनी, पोस्ट उदयराज के रहने वाला रवि यादव 12वीं कक्षा का छात्र था। बुधवार (18 फरवरी) को गायत्री पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर दूसरी पाली में रवि हिंदी का एग्जाम देने के लिए पहुंचा था। जैसे ही वो एग्जाम मुख्य गेट पर पहुंचा युवक की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहां मौजूद लोग उसे पास के प्राइवेट अस्पताल में लेकर गए। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत के पीछे की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
बैडमिंटन खेलते हुए कारोबारी की मौत
ऐसे मामले हर दिन सुनने को मिल रहे हैं। हाल ही में रायपुर में बैडमिंटन खेलने के दौरान एक कारोबारी अमृत बजाज की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उनको अचानक धड़ाम से गिर देखा जा सकता है। जब साथी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के दौरान मृत घोषित कर दिया।
मेहंदी की रस्म में दूल्हे के मामा की मौत
इसके अलावा एक वीडियो मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से भी सामने आया है। यहां खुशियों का माहौल पलभर में तब गम में बदल गया, जब भांजे की शादी में 42 साल के मामा की नाचते-नाचते अचानक मौत हो गई। घनश्याम यादव नाम के युवक मेहंदी की रस्म में पत्नी के साथ डांस कर रहे थे, तभी अचानक वे गिर पड़े और बेहोश हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सीपीआर (CPR) देने का भी प्रयास किया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। बीच में ही रास्ते में उनकी सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत के पीछे वजह भी हार्ट अटैक ही मानी जा रही है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 19 February 2026 at 11:51 IST