अपडेटेड 30 September 2025 at 20:49 IST

UP: आजम खान के बाद अब 34 महीने बाद जेल से बाहर आए सपा नेता इरफान सोलंकी, ढोल-नगाड़ों से कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

सपा नेता इरफान सोलंकी 34 महीने तक जेल में रहने के बाद मंगलवार को रिहा हो गए। उनकी रिहाई की खुशी में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता महराजगंज जेल से जमा हो गए।

Follow :  
×

Share


इरफान सोलंकी जेल से रिहा | Image: ANI

आजम खान के बाद सपा के एक और नेता की जेल से रिहाई हुई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी आखिरकार जेल से बाहर आ गए। मंगलवार, 30 सितंबर की शाम को वो महराजगंज जेल से रिहा हुए। जेल से बाहर आते ही सपा के कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों से उनका स्वागत किया।  करीब 34 महीनों की लंबी कैद के बाद जेल से बाहर आने की खुशी इरफान के चेहरे पर साफ दिख रही थी।

इरफान सोलंकी 34 महीने तक जेल में रहने के बाद मंगलवार को रिहा हो गए। सोलंकी के रिहाई की खबर से उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में समर्थक जेल के बाहर उनके स्वागत के लिए जुट गए। जेल से बाहर निकलते ही उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।  इरफान ने भी अपनी कार की सनरूफ से बाहर आकर कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई की।

इरफान सोलंकी महराजगंज जेल से रिहा

महराजगंज जेल से बाहर आने के बाद इरफान सोलंकी सीधे कानपुर के लिए रवाना हो गए। सपा नेता के लेने के लिए उनके पति और बच्चे पहले से पहुंच चुके थे। जैसे ही इरफान जेल से बाहर आए पत्नी नसीम और बच्चे उनकी तरफ दौड़ पड़े। इरफान ने भी पत्नी, दोनों बेटों और सास खुर्शीद बेगम को गले लगाया। बता दें कि इरफान की पत्नी नसीम सोलंकी, सीसामऊ से वर्तमान में विधायक है।

इस मामले में हुई थी गिरफ्तारी

गौरतलब है कि इरफान सोलंकी को 2022 में एक आगजनी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में उन पर गंभीर आरोप लगे थे, जिसके बाद से वह जेल में थे। लंबी कानूनी लड़ाई के बाद, आज उन्हें जमानत मिली, और वह जेल से बाहर आए। रिहाई के बाद सोलंकी ने कहा, "मैं न्यायपालिका का सम्मान करता हूं और अपने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस मुश्किल वक्त में मेरा साथ दिया।"

आजम खान भी 23 महीने बाद जेल से आए थे बाहर

इससे पहले समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान भी 23 महीने जेल में बिताने के बाद जमानत पर बाहर आए थे। 23 सिंतबर को वो सीतापुर जेल से बाहर आए थे। आजम खान को क्वालिटी बार भूमि अतिक्रमण मामले में जेल में डाल दिया गया था और इलाहाबाद उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया था। जेल से बाहर आने के बाद सपा के कार्यकर्ताओं ने उनका भी भव्य स्वागत किया था।
 

यह भी पढ़ें: बरेली हिंसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तौकीर रजा का दामाद गिरफ्तार

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 30 September 2025 at 20:39 IST