सिख युवक की पगड़ी उतारी, बाल खींच-खींच कर पीटा... कानपुर के बार में नशे में धुत लड़कों ने देर रात खूब की गुंडागर्दी; CCTV में कैद हुई वारदात

यूपी के कानपुर में सिख समाज के युवक पर जानलेवा हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि नशे में धुत्त 4 से 5 लड़कों ने युवक को घेर लिया और उसके साथ अभद्रता की।

Follow :  
×

Share


कानपुर से गौरव त्रिवेदी की रिपोर्ट

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सिख युवक के साथ न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की गई बल्कि उसकी धार्मिक आस्था और सम्मान को भी ठेस पहुंचाया गया। यहां कुछ लड़कों ने सिख युवक के साथ बदतमीजी की और जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों पर पगड़ी उतारकर बाल खींच-खींचकर पीटने का भी आरोप है।

यह घटना देर रात शहर के चर्चित 'स्टूडियो एक्स' क्लब में हुई, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पीड़ित वंश भाटिया के मुताबिक, वह एक पार्टी से नीचे उतर रहे थे, तभी अचानक 4-5 युवकों ने उन्हें घेर लिया और बदतमीजी शुरू कर दी। देखते ही देखते मामूली कहासुनी हिंसक हमले में तब्दील हो गई।

कानपुर में सिख युवक पर हमला

वंश भाटिया का आरोप है कि सभी हमलावर नशे में धुत थे और बिना किसी वजह के उन पर टूट पड़े। उन्होंने युवक को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, उन्होंने उनकी 'दस्तार' भी उतार दी और बाल खींचते हुए हमला किया। हमलावरों की इस तरह की हरकत ने लोगों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है।

नशे में धुत्त हमलावर बेवजह टूट पड़े

पीड़ित ने मुख्य आरोपी की पहचान पांडु नगर निवासी दैहिक गुप्ता के रूप में की है। वंश का कहना है कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं था और वे न तो शराब पीते हैं और न ही किसी झगड़े में शामिल थे। इसके बावजूद आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला किया।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना 

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें हमलावरों को वंश के बाद अभद्रता करते देखा जा सकता है। फुटेज में कथित आरोपी युवक के साथ मारपीट करते साफ तौर पर नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी मामला तेजी से वायरल हो रहा है और लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। शहर में इस घटना को लेकर गुस्सा और चिंता दोनों का माहौल बना हुआ है।

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उठी मांग

पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। 

यह भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा के पति समर्थ को कोर्ट में किया गया पेश, 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 23 May 2026 at 19:11 IST