इंस्पेक्टर-DCP-ACP सस्पेंड, नेपाल से आई लखनऊ, मीडिया में इंटरव्यू...शिवा हत्याकांड की आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे अभी भी पुलिस की गिरफ्त से कैसे दूर?
लखनऊ में बहुत चर्चित शिवा हत्याकांड मामले में पुलिस 10 दिन बीत जाने के बाद भी खाली हाथ है। आरोपित श्रद्धा दुबे बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश पुलिस की पकड़ से दूर है।
- भारत
- 5 min read
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बहुत चर्चित शिवा हत्याकांड मामले में पुलिस 10 दिन बीत जाने के बाद भी खाली हाथ है। आरोपित श्रद्धा दुबे बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश पुलिस की पकड़ से दूर है। ईनाम बढ़ता जा रहा है, पुलिस की टीमें बढ़ती जा रही हैं लेकिन अभी तक पुलिस श्रद्धा दुबे को तलाश नहीं पाई है। इस बीच हजरतगंज इंस्पेक्टर, डीसीपी सेंट्रल और एसीपी हजरतगंज को पद से हटा दिया गया है।
इसके साथ ही लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में कई अन्य एसीपी के कार्य क्षेत्र भी बदल दिए गए। एक तरफ पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई हो रही है, तो दूसरी तरफ श्रद्धा दुबे वीडियो जारी कर अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज कर रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इस मामले में पुलिस की जांच कहां तक पहुंची और फरार आरोपियों को कब तक पकड़ा जा सकेगा?
नेपाल से आई लखनऊ, आगरा एक्सप्रेस वे पर दिया इंटरव्यू फिर भी पुलिस की पकड़ से दूर श्रद्धा दुबे
वारदात के दस दिनों बाद भी पुलिस के हाथ खाली रहे और श्रद्धा आराम से वीडियो के जरिए न्यूज एजेंसियों और टीवी चैनलों पर छाई रही। जिस श्रद्धा दुबे तक तेजतर्रार यूपी पुलिस नहीं पहुंच पा रही, इनाम 25 हजार से 50 हजार कर रही है, उस श्रद्धा दुबे के पास एएनआई न्यूज एजेंसी पहुंच गई और बकायदा उसका इंटरव्यू ले लिया। यही इंटरव्यू चैनलों और सोशल मीडिया पर आया तो पुलिस की पूरी कार्यप्रणाली ही कटघरे में आ गई। साफ हो गया कि श्रद्धा को कोई बड़ा नामचीन या रसूखदार बचा रहा है।
इंटरव्यू में खुद को बेकसूर बता रही श्रद्धा दुबे
तीन मिनट 56 सेकंड के इस वीडियो में श्रद्धा ने कहा कि उस पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। उसका दावा है कि शिवा ने आत्महत्या की थी और उसने उसे अपनी बिल्डिंग की चौथी मंजिल से छलांग लगाते हुए देखा था। श्रद्धा के मुताबिक, बिल्डिंग के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आने से सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी। उसने सवाल उठाया कि नेपाल बॉर्डर के कैमरों की जांच की गई लेकिन उसकी बिल्डिंग के सीसीटीवी फुटेज अब तक क्यों नहीं निकाले गए। श्रद्धा का दावा है कि फुटेज से उनकी बेगुनाही साबित हो जाएगी।
श्रद्धा ने बताया कि वह शिवा को करीब चार महीने से जानती थी। उसके मुताबिक, दोनों के बीच बातचीत की पुष्टि कॉल डिटेल से हो सकती है। उसने दावा किया कि शुरुआती ढाई महीने तक शिवा उसके दोस्त थे और घर नहीं आते थे। करीब डेढ़ महीने पहले उनका घर आना-जाना शुरू हुआ था। श्रद्धा का कहना है कि इतने कम समय में उनके संबंध इतने खराब नहीं हुए थे कि वे एक-दूसरे के खिलाफ ऐसा कदम उठाने के बारे में सोचते।
मेरी उम्र शिवा से 2-3 साल बड़ी, उसकी मां नहीं करती थी मुझे पसंद...
श्रद्धा के मुताबिक, शिवा की मां उसे पसंद नहीं करती थीं। इसकी वजह बताते हुए उसने कहा कि संभव है कि वह शिवा से एक-दो साल बड़ी थी। श्रद्धा ने दावा किया कि शिवा ने उसे बताया था कि उस पर 16 से 17 लाख रुपये का कर्ज था और उन्होंने उससे भी पैसे मांगे थे। अपने घर से जेवर गायब होने के मामले में श्रद्धा ने दावा किया कि शिवा उसके घर से पांच-छह लाख रुपये के जेवर ले गए थे। उसने इसे अपना निजी मामला बताते हुए कहा कि शिवा उसके करीबी थे और उन्हें जेवर ले जाने का हक था।
सदमे और डर के कारण छोड़ा शहर श्रद्धा ने बताया कि उसे सांस लेने में दिक्कत समेत कुछ अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हैं। घटना के बाद सदमे में होने के कारण उसे शहर छोड़ना पड़ा। कहा कि वह हालात का डटकर सामना करना चाहती थी लेकिन सदमे के चलते ऐसा नहीं कर सकी। वीडियो के अंत में श्रद्धा ने पुलिस और न्यायपालिका से निष्पक्ष जांच की अपील की। उसने कहा कि केवल हत्या का आरोप लगा देने से किसी को पूरे देश के सामने अपराधी साबित कर देना न्याय नहीं है।
लखनऊ आई और आराम से निकल गई श्रद्धा दुबे
लखनऊ पुलिस श्रद्धा के आत्मसमर्पण की जानकारी मिलने पर उसकी तलाश में जुड़ गई। सूत्रों के मुताबिक इस बीच वह अपने वकीलों के साथ हाई कोर्ट पहुंची और अपनी बेल के लिए एप्लीकेशन डाल दी। इसके साथ ही एक न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान भी उसने खुद को निर्दोष बताया। इसके बाद लखनऊ पुलिस के ऊपर तमाम उंगलियां उठने लगी। पुलिस की जांच पर भी कई सवाल खड़े हो गए। श्रद्धा ने शिवा पर करीब 16-17 लाख रुपये के कर्ज का दावा दोहराया। साथ ही आरोप लगाया कि शिवा उसके घर से करीब पांच से छह लाख रुपये के गहने ले गए थे।
शिवा की मौत के कुछ घंटे बाद ही फरार हो गई थी श्रद्धा
अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से नौ अक्टूबर की रात गिरकर हुई कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के कुछ घंटे बाद ही मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे लखनऊ से फरार हो गई थी। वह अपनी स्कार्पियो से सुबह करीब पौने छह बजे नेपाल बार्डर रूपईडीहा पहुंच गई थी।
रूपईडीहा के शुक्ला पार्किंग से उसकी स्कार्पियो मिल चुकी है। भारत-नेपाल सीमा पार करते और नेपाल में ई-रिक्शा व आटो से जाते का फुटेज भी सामने आया। पुलिस ने टोल प्लाजों और रास्तों के फुटेज भी खंगाले, लेकिन आरोपित तक पहुंच नहीं पाई। लोग सवाल कर रहे हैं कि इतना सबकुछ होते हुए भी पुलिस आरोपितों की सटीक लोकेशन तक क्यों नहीं पहुंच सकी।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 19 October 2026 at 16:32 IST