मुंबई के माफिया जुल्‍फी से संबंध, शादाब और इशाक खान के नाम लखनऊ वाला फ्लैट...मॉडल श्रद्धा दुबे को लेकर हुए चौकाने वाले खुलासे, अब STF करेगी हिसाब

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, जुल्फिकार यासीन मुंबई का कुख्यात गैंगस्टर है, जिसका ठिकाना मीरा रोड बांद्रा क्षेत्र में है। वह अपने भाई मोहसिन बेहलीम और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर रंगदारी, अपहरण और ड्रग तस्करी का अवैध कारोबार चलाता है।

 
Follow :
मुंबई के माफिया जुल्‍फी से संबंध, शादाब और इशाक खान के नाम लखनऊ वाला फ्लैट...मॉडल श्रद्धा दुबे को लेकर हुए चौकाने वाले खुलासे, अब STF करेगी हिसाब | Image: X

लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे के तार मुंबई के अंडरवर्ल्ड से जुड़ गए हैं। पुलिस और एसटीएफ की तफ्तीश में खुलासा हुआ है कि श्रद्धा के संबंध मुंबई में ड्रग तस्करी, अपहरण और रंगदारी के मामले में कुख्यात माफिया और 'जेड गैंग' के सरगना जुल्फिकार यासीन बेहलीम (जुल्फी) के साथ थे। इस नए खुलासे के बाद अब कारोबारी की मां द्वारा लगाए गए उन आरोपों की भी पुष्टि हो रही है, जिसमें उसने माफिया के नाम पर बेटे को धमकाने की बात कही थी।

डी-कंपनी की तर्ज पर सक्रिय है 'जेड गैंग'

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, जुल्फिकार यासीन मुंबई का कुख्यात गैंगस्टर है, जिसका ठिकाना मीरा रोड बांद्रा क्षेत्र में है। वह अपने भाई मोहसिन बेहलीम और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर रंगदारी, अपहरण और ड्रग तस्करी का अवैध कारोबार चलाता है। जुल्फिकार का लंबा-चौड़ा आपराधिक इतिहास रहा है; वह साल 2016 के सांताक्रूज डबल मर्डर और अवैध हथियारों के मामलों में भी संलिप्त रहा है।

मायानगरी मुंबई में यह गिरोह अंडरवर्ल्ड की कुख्यात 'डी-कंपनी' की तर्ज पर अपराधों को अंजाम देता है। व्यवसायियों और बिल्डरों को डराना-धमकाना, क्लबों का संचालन और कई राज्यों में बड़े पैमाने पर ड्रग्स की तस्करी करना इस गिरोह का मुख्य काम है। मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट ने जुलाई 2026 में ही जुल्फिकार और उसके भाई समेत 12 अपराधियों को एक बिल्डर से 25 लाख रुपये की रंगदारी वसूलते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया था।

मुंबई के क्लब में हुई थी मुलाकात

जांच में सामने आया है कि श्रद्धा दुबे का मुंबई आना-जाना था और वहीं किसी क्लब में उसकी मुलाकात जुल्फिकार से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती गहरी हो गई और श्रद्धा मुंबई जाने पर उससे मिलती थी। मध्य क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त अर्पित विजयवर्गीय ने पुष्टि की है कि श्रद्धा के जुल्फिकार गैंग से जुड़े होने की पुख्ता जानकारियां हाथ लगी हैं। पुलिस टीम ट्रांजिट रिमांड पर श्रद्धा को लेकर लखनऊ आ रही है, जहां इन तमाम बिंदुओं पर गहन पूछताछ की जाएगी।

अवध ग्रीन अपार्टमेंट के फ्लैट और टैक्स में बड़ी गड़बड़ी

लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट के जिस फ्लैट में श्रद्धा दुबे रहती थी, वहां कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। नगर निगम की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि वह फ्लैट श्रद्धा के नाम पर नहीं, बल्कि शादाब और इशाक खान के नाम दर्ज है।

जांच में यह भी पता चला कि श्रद्धा से जुड़े दो अलग-अलग फ्लैटों (फ्लैट नंबर 04 सी और 04 डी) को साल 2015 में अवैध रूप से एक में मर्ज कर दिया गया था। इस हेराफेरी के जरिए संपत्ति का वार्षिक किराया मूल्य बेहद कम दिखा दिया गया, जिससे दोनों फ्लैटों का सालाना हाउस टैक्स मात्र 1,944 रुपये तय किया गया, जबकि वास्तविक कर इससे चार गुना से अधिक होना चाहिए था।

नगर निगम के जोनल अधिकारी ओपी सिंह ने बताया कि इस तथाकथित फ्लैट पर वर्तमान में 36,846 रुपये का हाउस टैक्स और 14,327 रुपये का ब्याज बकाया है। निगम की ओर से अब फ्लैट मालिकों को अंतिम नोटिस भेजने और नए सिरे से कर निर्धारण कर वास्तविक बकाया वसूली की तैयारी की जा रही है। मकान मालिकों की जानकारी पुलिस को भी सौंप दी गई है।

क्या है पूरा मामला?

बीती 9 अक्टूबर को लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की लाश श्रद्धा दुबे के इसी फ्लैट से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरकर हुई थी। घटना के वक्त शिवा के शरीर पर केवल अंडरवियर था, चेहरे पर लिपस्टिक लगी थी और शरीर पर सिगरेट से दागने के निशान पाए गए थे। मृतक कारोबारी की मां ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन समेत चार लोगों पर शिवा को फ्लैट से नीचे फेंककर हत्या करने और माफिया के नाम पर लगातार धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया था। मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद से सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस को 12 दिनों तक छकाने के बाद आखिरकार 20 अक्टूबर को पुलिस ने श्रद्धा दुबे को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाकर पूरे सिंडिकेट और हत्या की गुत्थी को सुलझाने में जुटी है।

इसे भी पढ़ें- तू मेरे पंटरों को काट रहा है, तुझे कुत्ता बनाकर मारा और...शिवा को धमकाते हुए मॉडल श्रद्धा दुबे का एक और AUDIO, दे रही गंदी-गंदी गालियां; सुनिए

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 22 October 2026 at 09:33 IST