मैंने भी अपना बंदा खोया है...शिवा शर्मा मर्डर केस में वांटेड मॉडल श्रद्धा दुबे का नया VIDEO आया सामने, रोती हुई बोली- परेशान किया तो मैं भी कर लूंगी सुसाइड
लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में फरार चल रही मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे ने एक नया वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने दावा किया है कि शिवा शर्मा की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उन्होंने आत्महत्या की थी।
- भारत
- 4 min read
लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में फरार चल रही मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे ने एक नया वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने दावा किया है कि शिवा शर्मा की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उन्होंने आत्महत्या की थी। इसमें श्रद्धा ने अपने ऊपर लगाए जा रहे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
श्रद्धा ने दावा किया है कि शिवा की हत्या नहीं हुई, बल्कि उसने खुद चौथी मंजिल से कूदकर सुसाइड किया है। मॉडल श्रद्धा दुबे ने कहा कि मैंने अपनी आंखों से शिवा को बालकनी से छलांग लगाते देखा है। उन्होंने कहा कि अपार्टमेंट के CCTV कैमरे खंगाले जाएंगे तो सब साफ हो जाएगा कि वह किस तरह कूदा था। उसने कहा कि घटना के बाद उसकी तबीयत बेहद खराब हो गई थी क्योंकि उसके घर से किसी ने कूदकर जान दी थी इसलिए वह उस वक्त कुछ बोलने की स्थिति में नहीं थी।
VIDEO में श्रद्धा दुबे ने क्या कहा
श्रद्धा दुबे ने शिवा की मौत के पीछे भारी कर्ज और मानसिक तनाव को मुख्य वजह बताया है। मॉडल श्रद्धा का कहना है कि शिवा पर 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज था और जब भी वे साथ बैठते थे, लगातार कर्जदारों के फोन आते रहते थे। श्रद्धा ने दावा किया कि उसने शिवा का मोबाइल फोन पुलिस के पास भिजवा दिया है, जिसकी कॉल डिटेल से कर्जदारों के फोन का सच सामने आ जाएगा।
उसने कहा कि शिवा अक्सर कहता था कि अगर कर्ज नहीं चुका पाया तो सुसाइड कर लेगा लेकिन उस वक्त उन बातों को हल्के में लिया गया था। श्रद्धा ने सवाल उठाते हुए कहा कि आप खुद सोचिए कि कोई लड़की किसी को मारकर अपने ही फ्लैट से नीचे क्यों फेंक देगी?
उस दिन क्या-क्या हुआ? श्रद्धा ने सबकुछ बताया
अपने नए वीडियो में मॉडल श्रद्धा दुबे ने घटना से पहले की पूरी कहानी बयां करते हुए बताया कि 7 तारीख से पहले करीब 5-6 दिनों तक शिवा से उसकी कोई बात नहीं हुई थी और शिवा अपनी बहन-जीजा के साथ केदारनाथ घूमने गया था। 7 तारीख को शिवा ने कपूरथला चौराहे पर एक चाय वाले के जरिए उसके ड्राइवर को फोन करवाया, जिसमें वह रो रहा था। रात 2 बजे शिवा अपनी बीएमडब्ल्यू कार से जागरण चौराहे के पास उससे मिलने पहुंचा।
इसके बाद दोनों पेडलर्स कैफे गए, जहां से वे फ्लैट पहुंचे। श्रद्धा के मुताबिक, 8 तारीख को उसकी बहन रश्मि सिर्फ पूजा और नवरात्रि को लेकर बात करने घर आई थी, जिसका शिवा से कोई खास परिचय तक नहीं था। शाम को शिवा के दोस्त अश्विनी मिश्रा और हर्ष भी फ्लैट पर आए थे और सब सामान्य था।
घटना के दिन 9 तारीख का ब्योरा देते हुए श्रद्धा ने कहा कि फ्लैट पर शिवा ने ड्राइंग रूम में चाय मंगवाई, तब शिवा वॉशरूम के लिए अंदर गया। उसने पहली बार अंदर जाते ही मेन गेट बंद कर लिया। पहले से कर्ज की बात दिमाग में होने के कारण उसे शक हुआ और उसने तुरंत अपनी बहन रश्मि को देखने भेजा लेकिन जब तक रश्मि दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचती, शिवा ने बालकनी से नीचे छलांग लगा दी थी। श्रद्धा का दावा है कि आनन-फानन में 112 और 108 पर कॉल कर शिवा को अस्पताल पहुंचाया गया और उसकी मां को भी तुरंत सूचना दी गई थी।
कैसे हुई शिवा शर्मा की मौत?
कारोबारी शिवा शर्मा की 9 अक्टूबर को लखनऊ स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट से गिरने के बाद मौत हो गई थी। शुरुआती तौर पर मामले को दुर्घटना माना गया था, लेकिन परिजनों ने आरोप लगाया कि शिवा के साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई थी और फिर उन्हें इमारत से नीचे फेंक दिया गया। इसके बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में जांच शुरू की।
पुलिस ने श्रद्धा दुबे, उनकी बहन, चालक और दो अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। मामले से जुड़ी एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सोशल मीडिया पर सामने आई थी, जिसमें दो लोगों के बीच बहस सुनाई देने का दावा किया गया। हालांकि, इस रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई थी और पुलिस की ओर से भी इस पर आधिकारिक बयान नहीं आया था।
श्रद्धा दुबे ने अब वीडियो जारी कर पुलिस के सामने अपना पक्ष रखने की इच्छा जताई है। फिलहाल, उनकी ओर से लगाए गए दावों और शिवा शर्मा की मौत की परिस्थितियों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों और पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई से ही हो सकेगी।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 15 October 2026 at 16:37 IST