अपडेटेड 6 April 2025 at 16:14 IST
अखिलेश यादव तो नहीं गए, सपा के सांसद अवधेश प्रसाद कर आए रामलला के दर्शन; पहली बार परिवार के साथ मंदिर में पूजा
अक्सर समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं को राम मंदिर जाने से बचते देखा गया है। अखिलेश यादव अभी तक अयोध्या राम मंदिर में दर्शन करने नहीं गए हैं।
Awadhesh Prasad Ram Mandir: अखिलेश यादव राम मंदिर में दर्शन करने नहीं आए हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद जरूर भगवान राम की शरण में पहुंच गए हैं। अवधेश प्रसाद ने पहली बार अयोध्या राम मंदिर में रामलला के दर्शन किए हैं। अवधेश प्रसाद पूरे परिवार के साथ अयोध्या राम मंदिर गए और भगवान के दर्शन किए।
अक्सर समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं को राम मंदिर जाने से बचते देखा गया है। अखिलेश यादव अभी तक अयोध्या राम मंदिर में दर्शन करने नहीं गए हैं। प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम से समाजवादी पार्टी ने दूरी बनाए रखी और बाद में जब उत्तर प्रदेश के सभी विधायकों को वहां जाने का मौका मिला था, तब भी सपा के विधायक नहीं गए हैं। इस बार अवधेश प्रसाद जरूर राम मंदिर में दर्शन कर आए हैं।
राम मंदिर में दर्शन के बाद अवधेश ने दी प्रतिक्रिया
अयोध्या में राम मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, 'मैं रामनवमी के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देता हूं। मुझे उम्मीद है कि भगवान राम देशवासियों को आशीर्वाद देते रहेंगे। हमने देश के नागरिकों के लिए सुख और समृद्धि की कामना की। मेरी यात्रा (राम मंदिर) के दौरान मेरे साथ मेरा बेटा, पोता और बहू भी थे।'
रामनवमी पर रामलला का सूर्य तिलक हुआ
राम जन्मभूमि अयोध्या में राम नवमी के अवसर पर मंदिर में राम लला के माथे पर 'सूर्य तिलक' लगाया गया। सूर्य तिलक ठीक दोपहर के समय हुआ जब सूर्य की किरण राम लला की माथे की मूर्ति पर पड़ी और एक दिव्य तिलक बना। दृश्यों में पुजारी सूर्य तिलक के दौरान राम लला की पूजा करते हुए दिखाई दिए।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 6 April 2025 at 16:14 IST