सहारनपुर ने चढ़ाया यूपी की सियासत का पारा... मस्जिद ध्वस्त, मैदान साफ, अब सपा-कांग्रेस और AIMIM की होगी 'पंचायत'
समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के दौरे को लेकर पार्टी नेता श्याम लाल पाल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सपा का प्रतिनिधिमंडल आज सहारनपुर जाएगा और वहां जांच करके रिपोर्ट देगा।
- भारत
- 2 min read
Delegation Saharanpur Visit: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद ध्वस्तीकरण के मामले को लेकर सियासी हलचल तेज है। इस बीच सहारनपुर में विपक्ष का जुटान हो रहा है। यहां सपा-कांग्रेस और AIMIM का प्रतिनिधिमंडल पहुंच रहा है, जो घटनाक्रम की जमीनी जांच करेगा और अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगा। इसे लेकर सपा नेता श्याम लाल पाल की प्रतिक्रिया सामने आई है।
समाजवादी पार्टी के मुताबिक, पहले ये प्रतिनिधिमंडल रविवार (6 सितंबर) को सहारनपुर दौरे पर जाना वाला था, लेकिन किसी वजह से इसकी तारीख में बदलाव किया गया।
नफरत का खेल खेल रही भाजपा- श्याम लाल
सपा प्रतिनिधिमंडल के दौरे पर पार्टी नेता श्याम लाल पाल ने कहा, 'भाजपा के द्वारा नफरत का खेल खेला जा रहा है। तमाम आश्वासन देने के बाद भी मस्जिद बचाई नहीं गई। मस्जिद को धाराशाही कर दिया गया। इस तरह धोखा देकर धर्म के साथ खिलवाड़ करना ठीक नहीं है। सपा का प्रतिनिधिमंडल आज सहारनपुर जाएगा और वहां जांच करके रिपोर्ट देगा।'
प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन शामिल?
सपा की 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में कैराना सांसद इकरा हसन, सपा के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रुद्रसेन, पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान, सांसद हरेंद्र मलिक, विधायक अतुल प्रधान, विधायक आशु मलिक, विधायक उमर अली समेत कई नेता शामिल हैं।
प्रदेश कार्यालय को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि सहारनपुर में प्रशासन द्वारा 119 साल पुरानी मस्जिद गिराए जाने के मामले में समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल 6 सितंबर की जगह 7 सितंबर को सहारनपुर जाएगा। पार्टी ने कहा कि इस घटना के संबंध में प्रतिनिधिमंडल कमिश्नर से मिलेगा और इस पूरे मामले की जानकारी लेगा और उसकी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को सौंपेगा।
बता दें कि मामले को लेकर सपा और प्रशासन के बीच तनातनी बढ़ती नजर आ रही है। सहारनपुर जाने की तैयारी कर रहे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को लेकर पुलिस सक्रिय है। पुलिस की तरफ से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी और एहतियाती कार्रवाई की जा रही है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 7 September 2026 at 11:51 IST