सहारनपुर में मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन से गरमाई सियासत, इकरा हसन के हाउस अरेस्ट पर भड़की सपा; अवधेश प्रसाद बोले- BJP को 2027 चुनाव महंगा...
कैराना सांसद इकरा हसन को सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद मामले को लेकर अधिकारियों से मिलने जाने से रोकने के लिए उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया गया। इस पर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद भड़क उठे हैं। उन्होंने कहा कि यह आगामी चुनावों में भाजपा के लिए महंगा पड़ने वाला है।
- भारत
- 3 min read
Awadhesh Prasad on Saharanpur Masjid Bulldozer Action: समाजवादी पार्टी के अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद ने सहारनपुर के कलेक्ट्रेट में अवैध मस्जिद के ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। साथ ही इकरा हसन के हाउस अरेस्ट की निंदा की।
अवधेश प्रसाद ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'इकरा हसन हमारी पार्टी की सांसद हैं। जो जानकारी मिली है कि वहां के विधायक को, वहां के लोगों को हाउस अरेस्ट कर दिया गया। ये उनका संवैधानिक अधिकार है और इस संवैधानिक अधिकार को भाजपा पूरी तरह से रौंदना चाहती है, बल्कि रौंद रही है। लोकतंत्र के लिए इससे बड़ा खतरा कुछ नहीं हो सकता। लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करने का काम भाजपा की सरकार कर रही है।'
सपा ने की इकरा हसन के हाउस अरेस्ट की निंदा
उन्होंने कहा कि किसी घटना के समय वहां के जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी होती है कि वहां पर लोगों के बीच जाए, जनता से बात करें और उनकी समस्या का समाधान करें। ये सब उसके अधिकार क्षेत्र में होता है और इससे वंचित करने का किसी को कोई अधिकार नहीं है। ऐसा करना सरकार का अलोकतांत्रिक कदम है और इसकी निंदा की जाती है।'
अवधेश प्रसाद ने भाजपा पर लगाया आरोप
अवधेश प्रसाद ने दावा किया कि जिस तरह का माहौल भाजपा लगातार बना रही है और जैसे-जैसे 2027 का चुनाव नजदीक आता जा रहा है, वैसे-वैसे भाजपा इस प्रदेश में उन्माद फैलाना चाह रही है। महंगाई के कारण, छात्रों की बेरोजगारी का सवाल, किसानों की परेशानी का सवाल और प्रदेश में जिस तरह से कानून व्यवस्था ध्वस्त हैं, ये सारे सवाल ऐसे हैं जो आगामी चुनावों में भाजपा के लिए महंगा पड़ने वाला है। इसे भाजपा भी समझती है और जानबूझकर वह इस प्रदेश में अराजकता फैलाना चाहती है। अब जनता ने इनकी (भाजपा) सरकार हटाने का मन बना लिया है। आने वाले 2027 के चुनाव में पीडीए की सरकार अखिलेश यादव के नेतृत्व में बनेगी।
सहारनपुर कलेक्ट्रेट में ढहाई गई अवैध मस्जिद
बता दें कि सहारनपुर में शनिवार सुबह कलेक्ट्रेट परिसर में बने मस्जिद को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। DIG अभिषेक सिंह ने मस्जिद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर कहा कि सहारनपुर के कलेक्ट्रेट में एक मस्जिद थी, जिसको सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध पाया गया था। इस आदेश के खिलाफ मस्जिद कमेटी फर्स्ट अपील में गई थी, उनकी अपील खारिज हो गई है। सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश को पुष्ट किया गया है। इस अवैध निर्माण की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है और अगर कोई किसी तरह की अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सभी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए यह कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: सपा सांसद इकरा हसन हाउस अरेस्ट, सहारनपुर जाने से पुलिस ने आवास पर रोका; भारी फोर्स तैनात
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 5 September 2026 at 12:52 IST