'राम भक्तों की भावना को आघात पहुंचा है...', चढ़ावा चोरी पर RSS की पहली प्रतिक्रिया; कहा- दोषियों को कठोर दंड मिले
राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर RSS की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा है कि इस मामले से राम भक्तों की भावना को आघात पहुंचा है।
- भारत
- 2 min read
राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर RSS की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा है कि इस मामले से राम भक्तों की भावना को आघात पहुंचा है। दोषियों को कठोर दंड दिया जाना चाहिए।
आपको बता दें कि चंदा चोरी का मामला उजागर होने के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने पिछले हफ्ते अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। फिलहाल वह एकांतवास में हैं।
दत्तात्रेय होसबाले ने क्या कहा?
दत्तात्रेय होसबाले ने कहा, "श्री राम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग और बलिदान के कारण संपूर्ण हिन्दू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केन्द्र बना है। अयोध्या में श्री रामलला मंदिर में रखे हुए दान पात्रों में जमा राशि की चोरी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से समूचे समाज और राम भक्तों की भावना और श्रद्धा को आघात पहुंचा है और इस घटना से हम सभी आहत हैं।
उन्होंने कहा, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के आग्रह पूर्वक निवेदन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल का गठन कर उसकी अनुशंसा पर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें कठोर दंड हो, यह सुनिश्चित करना आवश्यक है।
'इस कठिन क्षण में धैर्य और संयम का परिचय दें'
दत्तात्रेय होसबाले ने कहा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित पूरे हिंदू समाज से उम्मीद है कि इस घोर निंदनीय घटना को असाधारण मान कर गंभीरता से व्यवस्था और संचालन की सभी कमियों को दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाए ताकि अयोध्या मंदिर पर करोड़ों रामभक्तों की आस्था और श्रद्धा अखंड और अटूट बनी रहे। इस वक्त भ्रम और असमंजस की स्थिति समाप्त होनी चाहिए। हमारी उम्मीद है कि सभी आवश्यक पहल मंदिर प्रबंधन और शासन द्वारा गठित विशेष जांच दल करेंगे।
उन्होंने कहा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हिन्दू समाज से भी आह्वान करता है कि इस कठिन वक्त में वह आवश्यक धैर्य और संयम का परिचय दें और इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिन्दू विरोधी, राष्ट्र विरोधी शक्तियों के हिंदू धर्म और समाज को बदनाम करने के षड़यंत्रों को विफल करें।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 3 July 2026 at 15:32 IST