अपडेटेड 6 April 2025 at 07:18 IST

Ram Mandir: दोपहर 12 बजे, 4 मिनट तक रामलला की ललाट पर चमकेंगी सूर्य की किरणें, रामनवमी पर विशेष आयोजन की तैयारियां पूरी

तीन शुभ योग रवि योग, सर्वार्थसिद्धि योग और सुकर्मा में रामलला का सूर्य तिलक किया जाएगा। इससे पहले लगातार तीसरे दिन सूर्य तिलक का सफल ट्रायल किया गया।

Follow :  
×

Share


Ram Lalla surya tilak on ram navami | Image: X

Ayodhya Ram Mandir News: रामभक्तों के लिए आज का दिन बेहद ही खास है। वैसे तो प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव को पूरे देश में धूमधाम से मनाने की तैयारी है। हालांकि भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या में रामनवमी के पर्व को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। रामनवमी के मौके पर अयोध्या में रामलला का सूर्य तिलक किया जाएगा। इस दौरान उत्सव सा नजारा देखने को मिलेगा। रामनवमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का अयोध्या पहुंचने का सिलसिला जारी है।

अयोध्या में रामनवमी पर किए जा रहे विशेष आयोजन के लिए सुरक्षा व्यवस्था के भी खास इंतजाम किए गए है। बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए सभी तैयारियां कर ली गई हैं।

तीन शुभ योग में होगा रामलला का सूर्य तिलक

आज (6 अप्रैल) रामनवमी के मौके पर दोपहर 12 बजे रामलला के मस्तक पर सूर्य की किरणों से अभिषेक होगा। प्रक्रिया 4 मिनट तक चलेगी। तीन शुभ योग रवि योग, सर्वार्थसिद्धि योग और सुकर्मा में रामलला का सूर्य तिलक किया जाएगा। इससे पहले शनिवार (5 अप्रैल) को लगातार तीसरे दिन सूर्य तिलक का सफल ट्रायल किया गया।

विशेष आयोजन का पूरा शेड्यूल…

रामनवमी पर अयोध्या में विशेष आयोजन का श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके अनुसार

- सुबह 9.30 बजे से 10.30 बजे तक रामलला का अभिषेक होगा। 
- इसके बाद सुबह 10.30 बजे से 10.40 बजे तक पर्दा रहेगा।  
- फिर सुबह 10.40 बजे से 11.45 बजे तक रामलला का श्रृंगार होगा। इस दौरान पर्दा खुला रहेगा। 
- इसके बाद सुबह 11.45 बजे भोग लगेगा। इस दौरान भी पर्दा रहेगा। 
- दोपहर 12.00 बजे श्रीरामलला का जन्म होगा। इस दौरान आरती और सूर्य तिलक किया जाएगा।

सुरक्षा के विशेष इंतजाम, ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी

अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भक्तों की भारी तादाद में पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, भारी भीड़ को प्रबंधित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) प्रशांत कुमार ने बताया कि अयोध्या में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ यातायात नियंत्रण के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। उन्होंने उचित बैरिकेडिंग और पार्किंग व्यवस्था का निर्देश दिया है और अधिकारियों से पहले से ही परेशानी वाले क्षेत्रों की पहचान करने और उनका समाधान करने को कहा है। वहीं, सांप्रदायिक सद्भाव सुनिश्चित करने के लिए भी धार्मिक नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शांति बैठकें की गई।

यह भी पढ़ें: Ram Navami 2025: रामनवमी के दिन क्या दान करना चाहिए?

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 6 April 2025 at 07:18 IST