Khan Global Classes Sealed: अभी रौशन आनंद वाला मामला शांत भी नहीं हुआ और खान सर पर आ गई नई आफत, खान ग्लोबल कोचिंग हुई सील, जानिए क्यों
लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रयागराज में पीडीए ने खान सर के एक और कोचिंग सेंटर ग्लोबल क्लासेज को सील कर दिया है। एक के बाद एक खान सर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही, जानें कैसे ये पूरी कार्रवाई की गई? पढ़ें पूरी खबर
- भारत
- 2 min read
Khan Sir Coaching Centre Sealed: लखनऊ अग्निकांड के बाद पूरे प्रदेश में अवैध बिल्डिंगों में बने कोचिंग संस्थानों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। प्रयागराज में भी विकास प्राधिकरण ने सख्त कदम उठाए और खान ग्लोबल क्लासेज को सील कर दिया। प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषि राज के आदेश पर जोन संख्या एक के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह की टीम ने सिविल लाइंस में खान ग्लोबल क्लासेज को सील कर दिया है। पटना के कोचिंग माफिया विवाद में रौशन आनंद वाला मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि खान सर (फैजल खान) के खिलाफ एक नया और बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बतादें सुरक्षा मानक पूरे न करने पर ये कार्रवाई की गई।
कोचिंग सेंटर के बाहर नोटिस चस्पा
सीलिंग से पहले टीम ने वहां मौजूद छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। ऑफिस को बंद कराया गया। इसके बाद पूरी कोचिंग को सील कर दिया गया। सीलिंग के बाद बाहर नोटिस चस्पा कर दिया गया है। नोटिस में साफ लिखा है कि बिना अनुमति सील तोड़ने या दोबारा कोचिंग शुरू करने पर FIR दर्ज की जाएगी। पीडीए की टीम ने इस बात पर भी जोर दिया कि छात्रों की सुरक्षा सबसे पहले आती है।
क्यों की गई सीलिंग?
जोन संख्या एक के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह के मुताबिक, जिस बिल्डिंग में खान ग्लोबल क्लासेज चल रही थी, उसका कमर्शियल उपयोग के लिए नक्शा पास है। लेकिन कोचिंग का संचालन कम्युनिटी सर्विस के तहत आता है। सामुदायिक सुविधा भू-उपयोग की स्वीकृति न होने के कारण सीलिंग की गई।
कोचिंग संचालकों में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई से प्रयागराज के कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया है। पीडीए की टीम अब बाकी कोचिंग संस्थानों की भी जांच कर रही है। लखनऊ के हादसे के बाद प्रदेशभर में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करवाया जा रहा है। अधिकारी लगातार ये सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई भी कोचिंग बिना जरूरी अनुमति के न चले। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाए गए हैं।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 23 June 2026 at 22:13 IST