अपडेटेड 9 April 2025 at 23:47 IST
UP: जब पंचमुखी हनुमान मंदिर को कलेजे पर पत्थर रखकर काले कपड़े से ढका गया तो आंखों से निकल गए आंसू, आखिर क्या है पूरा माजरा?
UP के बलिया में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सनातन धर्म के मानने वालों ने सनातन को बचाने के लिए हनुमान मंदिर को काले रंग के तिरपाल से ढक दिया।
Baliya: उत्तर प्रदेश के बलिया में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सनातन धर्म के मानने वालों ने सनातन को बचाने के लिए भगवान हनुमान के मंदिर को काले रंग के त्रिपाल से ढक दिया और निर्णय लिया कि अब यहां पूजा अर्चना नहीं होगी, जिसके बाद मंदिर पर ताला जड़ दिया।
पूरा मामला बलिया के कोतवाली क्षेत्र का है,यहां मवेशी अस्पताल रोड पर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर से चंद कदमों की दूरी पर आबकारी विभाग के द्वारा शराब की दुकान खुलवा दी गई है, जिसका क्षेत्रवासियों के द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा है। प्रशासन से गुहार लगाने पर लोगों की बात नहीं सुनी गई तो क्षेत्रवासियों ने मंदिर को बंद करने का निर्णय लिया।
शराब की दुकान के विरोध में मंदिर पर लगाया ताला
8 अप्रैल दिन मंगलवार 2025 की शाम इस कठोर निर्णय से पहले भगवान हनुमान की आरती की गई, हनुमान चालीसा पढ़ा गया और फिर मंदिर को काले रंग के त्रिपाल से पूरी तरह ढक दिया गया। इस दौरान क्षेत्र वासियों के आंखों में आंसू भी देखने को मिले। प्रशासन की उदासीनता से नाराज लोगों के द्वारा लिया गया यह निर्णय काफी दुखदाई रहा।
शराब की दुकान हटने पर ही खुलेगा मंदिर- ग्रामीण
युवा समाजसेवी सागर सिंह राहुल ने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र वासियों के लिए काफी कठिन रहा लेकिन प्रशासन ने हमें ऐसा करने को मजबूर किया। वर्तमान सरकार पर भी हमला बोला कहा जब तक हमारी मांग नहीं पूरी होगी तब तक भगवान हनुमान के मंदिर में कोई पूजा अर्चना नहीं होगी। आज भगवान हनुमान मंदिर में की गई पूजा आखरी थी और इस निर्णय पर हम क्षेत्रवासी तब तक कायम रहेंगे जब तक मंदिर के बगल से शराब की दुकान नहीं हटाई जाएगी। आपको बता दें कि बागी बलिया के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब मंदिर को काले रंग के कपड़े से पूरी तरह से ढक दिया गया।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 9 April 2025 at 23:47 IST