'जब तक आप सोकर उठेंगे, चाचा सारा खेल कर...', शिवपाल और आजम खान की मुलाकात को लेकर ओपी राजभर का अखिलेश पर तंज

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जबतक आप सोते रहते हैं तबतक आपके चाचा सारा खेल करके लौट आते हैं। एक ओर आपको सोने से फुरसत नहीं है, दूसरी ओर चाचा इस उम्र में डासना जेल में लंबी डीलिंग करके आपके उठने से पहले ही लौट आए।

 
Follow :
Akhilesh Yadav, Shivpal Singh Yadav, OP Rajbhar | Image: ANI

OP Rajbhar Attacked on Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर बयानबाजी तेज है। अब सुभासपा के अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव की आजम खान से मुलाकात को लेकर प्रतिक्रिया दी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि जब तक वे सोकर उठेंगे तब तक उनके चाचा सारा खेल करके लौट आएंगे।

ओपी राजभर ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर 'जो सोवत है सो खोवत है, जो जागत है सो पावत है' की कहावत का जिक्र करते हुए लिखा कि आपके (अखिलेश यादव) चाचा (शिवपाल सिंह यादव) गांव-गिरांव के आदमी हैं, जबतक आप सोते रहते हैं तबतक वो सारा खेल-प्रपंच रच के लौट आते हैं। एक तरफ आपको सोने से फुरसत नहीं है, वहीं दूसरी तरफ आपके चाचा इस उम्र में भी सुबह-सुबह उठकर डासना जेल जाकर लंबी डीलिंग करके लौट आए हैं।

November 14, 2026

'शिवपाल-आजम के बीच की डील की खबर है या नहीं?'

राजभर ने सवाल उठाया कि आखिर 'चच्चू' और 'रामपुर वाले चचाजान' (आजम खान) के बीच क्या डील हुई है, क्या अखिलेश को इसकी कोई खबर भी है? उन्होंने इस मुलाकात को लेकर आशंका जताई कि कहीं अखिलेश यादव के साथ बनारस जैसा कोई खेल तो नहीं होने जा रहा है, क्योंकि चाचा के चहेतों ने अभी से लबीं-लंबी डीलिंग करना शुरू कर दी है।

अखिलेश यादव पर राजभर का तीखा तंज

इतना ही नहीं, राजभर ने अखिलेश यादव से सीधा सवाल पूछा कि क्या उनके चाचा आजम खान से मिलने के लिए उन्हें बताकर गए थे या बिना बताए ही चले गए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद चाचा को भी अब यह समझ आ गया है कि राजनीति को बचाने के लिए अब उन्हें ही कोई कड़ा फैसला लेना होगा।

ओपी राजभर ने सपा प्रमुख को दी सलाह

अंत में खुद को अखिलेश यादव का मित्र बताते हुए ओपी राजभर ने उन्हें मुफ्त सलाह दी कि वे अपने परिवार और पार्टी के कार्यकर्ताओं दोनों पर विशेष ध्यान दें। राजभर ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर वे सतर्क नहीं हुए तो उनके पिता (मुलायम सिंह यादव) का बनाया 'टाइटेनिक जहाज' बहुत जल्द डूबने वाला है। 

यह भी पढ़ें: 'बच्ची के साथ मारपीट, फिर यौन शोषण...', झारखंड में कांग्रेस MLA पर लगे आरोपों पर BJP हमलावर, राहुल-सोनिया गांधी की चुप्पी को लेकर उठाए सवाल

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 14 November 2026 at 13:39 IST