'आजम चचा से कैसी रही मुलाकात? रामपुर में ओवैसी ने आपका काम...', ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को घेरा, कहा- खान चचा पतंग उड़ाने की तैयारी में
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि मुझे अपने विश्वसनीय सूत्र से पता चला है कि आजम खान से आपकी बात नहीं बन पाई है।
- भारत
- 4 min read
OP Rajbhar: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों में जुबानी तीर चलने तेज हो गए हैं। बीते दिन ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रामपुर जेल जाकर आजम खान से करीब 45 मिनट तक मुलाकात की। अब इस पर कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया है।
ओपी राजभर ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा कि रामपुर में AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने आपका काम बिगाड़ दिया है। मुझे अपने विश्वसनीय सूत्र से पता चला है कि आजम खान से आपकी बात नहीं बन पाई है।
आजम खान से आपकी मुलाकात कैसी रही?- राजभर
राजभर ने पोस्ट कर लिखा, 'अखिलेश यादव जी, आजम खान से आपकी मुलाकात कैसी रही? सुना है चचा साइकिल छोड़ पतंग उड़ाने की तैयारी में हैं। सुना तो यह भी है कि आपके ख्याली गृहमंत्री ने आपसे सीधे-सीधे कह दिया कि अगर पार्टी में रोकना है तो उन्हें गृह नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री की कुर्सी चाहिए।'
‘ओवैसी ने रामपुर में आपका काम…’
उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि यूपी के मुसलमान सैफई वालों को कई बार मुख्यमंत्री बना चुके हैं। अब आपको थोड़ा बलिदानी बनने की नसीहत मिलने लगी है। रामपुर से हमारे विश्वस्त सूत्र बता रहे हैं कि खान चचा (आजम खान) से आपकी बात बन नहीं पाई! सेटिंग नहीं बैठ पाई। ओवैसी ने रामपुर में आपका काम लगा दिया है।
अखिलेश यादव को राजभर की सलाह
वे यहीं नहीं रुके, उन्होंने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि वैसे भी आपकी सरकार नहीं आने वाली है। इसलिए दिल पर पत्थर रखकर सपा की सरकार बनने पर किसी मुस्लिम को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा कर दीजिए।
अखिलेश ने ओवैसी को कहा 'रामपुर का रावण'
गौरतलब है कि जेल में आजम खान से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने मीडिया से बात की। इस दौरान उनसे पूछा गया कि असदुद्दीन ओवैसी कह रहे हैं कि आप मुसलमानों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके जवाब में उन्होंने ओवैसी का नाम लिए बगैर कहा, 'आपने हमने देखा है कि रावण ने भी एक दिन के लिए भेष-भूषा बदला था। रावण भी एक दिन के लिए भेष-भूषा बदलकर सीता मां को लेकर गया था। यहां तो इतने दिनों से भेष भूषा बदला हुआ है।
ओवैसी को 'रावण' बोलने पर राजभर की प्रतिक्रिया
अखिलेश के इस पर राजभर ने एक एजेंसी से बात करते कहा, 'अखिलेश यादव जी तो उनसे भी ज्यादा भेष बदलते हैं। अगर अखिलेश यादव मानवीय दृष्टिकोण से सोच-विचार करके किसी मुस्लिम नेता को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा कर देते, तो ओवैसी जी को भेष बदलकर आने की जरूरत ही नहीं पड़ती। ओवैसी भेष बदलकर इसलिए आए हैं क्योंकि जिस तरह अखिलेश यादव मुसलमानों से दरी बिछवाने का काम कराते हैं, उसी तरह अब मुसलमान कह रहे हैं कि उन्हें केवल दरी बिछाने तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि बराबरी का हक चाहिए। वे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और नौकरी के लिए लड़ रहे हैं। मुसलमानों को राजनीति में भी बराबरी की हिस्सेदारी चाहिए, लेकिन अखिलेश यादव को यह बात बुरी लग रही है। इसलिए उन्हें लगता है कि ओवैसी भेष बदलकर आए हैं।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 23 October 2026 at 09:47 IST