'सपा बदलने वाली नहीं है, आजम खान से उनकी मुलाकात ने साबित कर दिया', केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश यादव पर तीखा प्रहार
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव की आजम खान से मुलाकात पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आजम खान जैसे नेताओं के पूर्व में दिए गए विवादित बयानों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।
- भारत
- 2 min read
Keshav Prasad Maurya on Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रामपुर जिला जेल में आजम खान से मुलाकात को लेकर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का इतिहास तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार और अराजकता की राजनीति से भरा रहा है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव और आजम खान की मुलाकात पर कहा, 'समाजवादी पार्टी का इतिहास, तुष्टिकरण, अराजकता, भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे हुए एक ऐसे दल का है जो कभी भी भारत माता, देश और प्रदेश के प्रति, विकास के मामले में कभी उनका दृष्टिकोण स्पष्ट नहीं रहा है। सपा का इतिहास मुस्लिम तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और अराजकता भरी राजनीति का रहा है।'
अखिलेश की आजम खान से मुलाकात पर भड़के
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'अखिलेश यादव जिला जेल रामपुर में आजम खान से मिले। यह वही आजम खान हैं जो भारत माता के लिए 'डायन' जैसे अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर चुके हैं। यह वही आजम खान हैं जो बाबा साहब भीम राव आंबेडकर को भू-माफिया कहते हैं। यह वही आजम खान हैं जिनके नाम पर इस प्रदेश में तुष्टिकरण के हजारों आरोप हैं।'
सपा कार्यकाल में कानून-व्यवस्था पर साधा निशाना
उपमुख्यमंत्री ने निशाना साधते हुए कहा, ‘जब प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी थी, तब उत्तर प्रदेश की पुलिस आजम खान की भैंस ढूंढने में व्यस्त थी। आज अखिलेश यादव ने आजम खान से मुलाकात कर यह साबित कर दिया है कि समाजवादी पार्टी बदलने वाली नहीं है। सपा आज भी अराजकता, गुंडई, भ्रष्टाचार और कदाचार में शामिल लोगों को संरक्षण देकर उन्हें पुष्पित और पल्लवित करने का काम कर रही है।’
Advertisement
‘बहुरूपियों’ से सावधान रहने की अपील
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में साल 2017 से अब तक सब कुछ बदल चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने जो ईमानदार विकास, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत कानून-व्यवस्था की है, उसे यूपी की जनता ने बहुत करीब से देखा है। उन्होंने यूपी की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे ऐसे बहुरूपिये लोगों से हमेशा सावधान और होशियार रहें।