'पहली बार अपराधी भी यूनिफॉर्म में घूमेंगे', सपा के यूथ विंग के नए ड्रेस कोड पर ओपी राजभर का तंज, अखिलेश यादव को याद दिलाई अनुशासन वाली बात
ओपी राजभर ने हमला बोलते हुए कहा कि अखिलेश जी, सुना है आपने अपने अपराधियों को अब यूनिफॉर्म पहनाने की ठान ली है। देश में ऐसा पहला मौका है जब अपराधी भी यूनिफॉर्म में घूमेंगे।
- भारत
- 3 min read
OP Rajbhar on Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के यूथ विंग के नए ड्रेस कोड पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भले ही रंग और वर्दी चुरा ली, लेकिन अनुशासन नहीं दे पाएंगे।
ओपी राजभर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर अपनी 'RSS' की एक वीडियो शेयर की है, जिसमें उनकी सेना के जवान बकायदा वर्दी में नजर आ रहे हैं। उन्होंने नीली वर्दी पहनी है और हाथ में स्टिक (छड़ी) पकड़ रखी है। दरअसल, उन्होंने एक सेना का गठन किया है, जिसका नाम आरएसएस यानी राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना रखा है। यह सेना और पुलिस की तर्ज पर किया गया है।
अब अपराधी भी यूनिफॉर्म में घूमेंगे- राजभर
राजभर ने इसी वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, 'अखिलेश जी, सुना है आपने अपने अपराधियों को अब यूनिफॉर्म पहनाने की ठान ली है। देश में ऐसा पहला मौका है जब अपराधी भी यूनिफॉर्म में घूमेंगे। कमाल कर दिया महाराज आपने। वैसे अपराध का कोई रंग तो नहीं होता, लेकिन आपने रंग भी चुराने की कोशिश कर ली।'
सपा प्रमुख को याद दिलाई ‘वो’ पुरानी बात
उन्होंने कहा, 'राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना (RSS) से तो आप पहले से आकर्षित थे। जब हमने और आपने हाथ मिलाया था, तब मऊ के हलधरपुर वाली पहली रैली में आपने हमारी सुहेलदेव सेना का अनुशासन देखकर तारीफ भी की थी। याद है ना? याद तो होगा ही, तभी तो रंग और वर्दी चुराने की कोशिश कर ली। खैर, कोई बात नहीं। रंग और वर्दी चुराने से अनुशासन थोड़ी ना दे पाएंगे। वो भी अपराधियों को। वैसे कोशिश कीजिएगा कि थोड़ा सा अनुशासन अगर आपके लोग सीख लें तो भला होगा।'
राजभर ने अखिलेश यादव को दिया सुझाव
राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा, 'एक सुझाव और है। आप पर पीला गमछा बहुत अच्छा लगेगा। उम्मीद है अगली बार आप पीले गमछे में दिखाई देंगे।'
टोपी बदलिए और नीला रंग अपनाइए- राजभर
इससे पहले राजभर ने तंज कसते हुए PDA की नई परिभाषा बताई थी। उन्होंने कहा था, 'देखिए, अब PDA की नई परिभाषा यह हो गई है- 'P' का मतलब है 'पहली बार हारे 17', 'D' का मतलब है 'दूसरी बार हारे 22', और 'A' का मतलब है 'अबकी बार हारेंगे 27'। लाल रंग खतरे का संकेत है। झंडा बदलिए, टोपी बदलिए और नीला रंग अपनाइए।' उन्होंने कहा कि लाल खतरे की घंटी है, इसलिए लोग अखिलेश यादव को देखकर चौंक जाते हैं।
सपा छात्र सभा के ड्रेस कोड में बदलाव
बता दें कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले दलित वोटरों और जेन-जी को साधने में जुटी समाजवादी पार्टी ने अपनी फ्रंटल विंग छात्रसभा के ड्रेस कोड में बदलाव किया है। पार्टी ने छात्र सभा के पदाधिकारियों के लिए पारंपरिक लाल रंग की जगह नीली जींस और नीली टीशर्ट को नया ड्रेस कोड बनाया है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 9 September 2026 at 07:55 IST