'कन्नौज के बाद अब आजमगढ़ में बजेगा सपा का बाजा...', ओपी राजभर का अखिलेश पर बड़ा हमला, PDA को बताया ढकोसला
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कन्नौज के बाद अब आजमगढ़ में भी समाजवादी पार्टी की विदाई का बाजा बजने वाला है।
- भारत
- 3 min read
OP Rajbhar on Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कन्नौज के बाद अब आजमगढ़ में सपा की विदाई का बाजा बजने वाला है।
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अखिलेश यादव को सीधे तौर पर चुनौती दी। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव के तथाकथित 'काल्पनिक गढ़' अब एक के बाद एक लगातार ढह रहे हैं। कन्नौज के बाद अब आजमगढ़ में भी समाजवादी पार्टी की विदाई का बाजा बजने वाला है।
PDA के नाम पर फैला रखा है ढकोसला- राजभर
इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने अखिलेश यादव के 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे को पूरी तरह ढकोसला करार दिया। उन्होंने कहा, 'आपने पीडीए के नाम पर जो ढकोसला फैला रखा है उसका 'सत्यानाश' अब अपनी आंख से देखने के लिए तैयार रहें।' उन्होंने दावा किया कि आगामी 29 नवंबर को आजमगढ़ में गैर-यादव पिछड़ा वर्ग और बहुजनों की असली ताकत देखकर अखिलेश यादव की बेखबरी का सारा नशा पूरी तरह उतर जाएगा।
पूर्वांचल में शंखनाद का किया ऐलान
राजभर ने आगे कहा, 'आजमगढ़ के आईटीआई मैदान में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की विशाल सामाजिक समरसता महारैली की वीडियो रिकॉर्डिंग करा के देख लेना कि कैसे आपका किला ढहा है।' उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के दलित, पिछड़ा और खासकर गैर-यादव पिछड़ा समाज की एकजुटता का शंखनाद होने जा रहा है।
'केवल चुनाव के समय याद करने के दिन गए'
सुभासपा अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव जिस आजमगढ़ को अपना गढ़ बताकर घूमते हैं, उसी गढ़ में पहली बार बहुजन समाज अपनी असली आवाज बुलंद करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि आप पीडीए का नारा लगाते हैं न... तो इस बार गिन लेना। राजभर, निषाद, चौहान, प्रजापति, पटेल, पाल और बाकी गैर-यादव पिछड़ों को सिर्फ चुनाव के समय याद करने का समय अब जा चुका है।
यह भी पढ़ें: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, राहुल गांधी के काफिले की कई गाड़ियां आपस में भिड़ीं, कई घायल
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 26 October 2026 at 11:32 IST