पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, राहुल गांधी के काफिले की कई गाड़ियां आपस में भिड़ीं, कई घायल
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हुआ है, जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है।
- भारत
- 2 min read
Rahul Gandhi: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार की सुबह बड़ा हादसा हुआ है। यहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले की कई गाड़ियों की आपस में टकराने की खबर है। इस हादसे में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा हलियापुर के पास 89.5 किलोमीटर माइलस्टोन के पास हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार, राहुल गांधी के काफिले के पीछे आ रही गाड़ियों और एक एम्बुलेंस के बीच भिड़ंत हो गई। इस में कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है। हालांकि, गनीमत है कि राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
ब्रेक लगाने की वजह से भिड़ी गाड़ियां?
शुरुआती जानकारी के अनुसार, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार गाड़ियों के अचानक ब्रेक लगाने की वजह से काफिले की एक एंबुलेंस समेत पांच गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
कोर्ट में पेशी के लिए जा रहे थे राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 2018 के आपराधिक मानहानि मामले में आने वाले फैसले के सिलसिले में लखनऊ के सुल्तानपुर की विशेष एमपी/एमएलए कोर्ट में पेश होने जा रहे थे। इसी सिलसिले में वह आज सुबह लगभग 7 बजे अपने आधिकारिक आवास से सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए। लेकिन हलियापुर के पास 89.5 किलोमीटर माइलस्टोन के बाद उनके काफिले की गाड़ियां हादसे का शिकार हो गईं।
Advertisement
क्या है मामला?
बता दें कि राहुल गांधी के खिलाफ 2018 के मानहानि मामले में कोर्ट अपना फैसला सुनाएगी। यह मामला राहुल गांधी द्वारा बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तत्कालीन बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है। इसी बयान के बाद बीजेपी नेता विजय मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में दोपहर तक अदालत का निर्णय आने की संभावना है।
कोर्ट में सुनवाई से पहले शिकायतकर्ता विजय मिश्रा ने कहा, 'हमें न्याय मिलने की उम्मीद है, खासकर उस बर्ताव को देखते हुए जो उन्होंने उस समय हमारी BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष (अमित शाह) के साथ किया था। यह कानूनी मामला 2018 से चल रहा है और 2026 तक खिंच गया है। आज फैसला आने वाला है और हमारे वकीलों ने जिस तरह से इस मामले को लड़ा है, उसे देखते हुए हमें पूरी उम्मीद है कि फैसला हमारे पक्ष में आएगा।'