'आपका मन सिर्फ पैगम्बर-ए-इस्लाम...' अखिलेश यादव पर बरसे ओपी राजभर, 'टोपी' का भी किया जिक्र; आखिर क्या है पूरा मामला?
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए ओपी राजभर ने कहा कि आपका मन सिर्फ एक ही तरफ झुका रहता है। तभी तो लखनऊ में पैगम्बर-ए-इस्लाम के जन्मोत्सव कार्यक्रम की सफलता के लिए आप खुलकर कामना करते हैं और टोपी लगाने से भी गुरेज नहीं करते।
- भारत
- 3 min read
OP Rajbhar on Akhilesh Yadav: सुलेहदेव भारतीय समाज पार्टी यानी सुभासपा के अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर फिर हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश के एक हालिया इंटरव्यू का जिक्र करते हुए कहा कि कम से कम भगवान कृष्ण के तो बनकर रहिए भाई। आखिर क्या है पूरा मामला चलिए बताते हैं।
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट लिखकर कहा, 'आपका एक इंटरव्यू देखा। पत्रकार ने सीधा सवाल पूछा कि जय श्री राम बोलूं या जय श्री कृष्ण? सवाल साफ था लेकिन आपने तड़ाक से बात ही बदल दी। माइक पर एक बार भी जय श्री राम या जय श्री कृष्ण बोलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। कैसे खुद को यदुवंशी कहते हैं महाराज?'
वोटों के डर से भगवान का नाम नहीं ले रहे- राजभर
उन्होंने आगे सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सवाल उठाते हुए कहा कि 18 फीसदी वोटों के डर से अखिलेश यादव अपने भगवान का नाम तक खुलकर नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने लिखा, 'इतना भी क्या 18% वोट का डर कि अपने भगवान का नाम तक खुलकर न ले सको? उनके दर्शन करने, उनकी जन्मस्थली तक न जा सको? यही हाल रहा तो आपकी अपनी बिरादरी भी एक दिन पूछ बैठेगी कि क्या आप लोग वाकई यदुवंशी हैं?'
अखिलेश पर राजभर का प्रहार
राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सच तो ये है कि आपका मन केवल एक ही तरफ लगता है। तभी तो पैगम्बर-ए-इस्लाम के जन्मोत्सव पर लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम की सफलता की कामना आप खुलकर करते हैं। टोपी तक लगा लेते हैं। सही बात तो ये है कि आप न राम के हुए, न कृष्ण के और न ही यदुवंश के। अरे महाराज, किसी के तो सगे बन जाइए!'
'उम्मीद है कि आपका जमीर जरूर जागेगा'
उन्होंने अंत में अखिलेश यादव को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुझे उम्मीद है कि किसी दिन आपका जमीर जरूर जागेगा और आप भगवान श्री कृष्ण की जन्मभूमि पर एक भव्य मंदिर की मांग का समर्थन करेंगे। हालांकि, ऐसा तभी संभव हो पाएगा जब भगवान श्री कृष्ण की कृपा आप पर होगी।
अखिलेश यादव ने क्या कहा था?
बता दें कि अखिलेश यादव ने हाल ही में एक मीडिया को इंटरव्यू दिया, जिसमें उनसे पूछा गया कि जय श्री राम या जय श्री कृष्ण क्या कहा जाए क्योंकि बीजेपी और सपा के बीच में यह भी डिवाइड हो रहा है? इसके जवाब में अखिलेश यादव ने कहा, 'जय समाजवाद, जय संविधान, जय भीम और हमारे पास बहुत से नारे हैं, उनसे ही शुरू होना ज्यादा बेहतर रहेगा।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 5 September 2026 at 11:51 IST