'लौंडे-लफाड़ियों का चक्कर छोड़िए, बड़े-बुजुर्गों के पास बैठकर ज्ञान लीजिए', ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को दी सलाह, आजम खान का जिक्र कर क्या बोले?
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को नौसिखियों को छोड़कर बुजुर्गों से सीख लेने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि रामपुर वाले चचाजान (आजम खान) से एक्स्पर्ट एडवाइस ले लीजिए। 10 साल पहले वो भी आपके जैसे ही थे!!
- भारत
- 6 min read
OP Rajbhar Attacked on Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर जुबानी हमला बोला है।
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर तंज कसते हुए कहा कि मित्र अखिलेश यादव जी! बड़े-बुजुर्गों का कहना है कि अच्छा बनने के लिए अच्छी संगत जरूरी है। जब संगत ही ठीक नहीं होगी, तो जुबान कैसे अच्छी हो सकती है? जिसकी जुबान खराब होगी, उसके मुंह से गुंडागर्दी भरी बातें ही निकलेंगी- 'इसको उड़वा दूंगा, उसको उठवा लूंगा, फलाने की मूंछों का ताव देखूंगा...' और अब तो आप मीडिया के सामने खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि 'पुलिस से स्टेपनी बदलवाऊंगा'। आखिर आप ये सब क्या अंट-शंट बोलने लगे हैं?
अखिलेश को आजम खान से सलाह लेने की नसीहत
उन्होंने आगे चुटकी लेते हुए कहा कि रामपुर वाले चचाजान के लौट आने से या तो आपको बेहद खुशी हुई है या फिर कोई गहरा सदमा लग गया है। अरे महाराज, लौंडे-लफाड़ियों का चक्कर छोड़िए और अपने बड़े-बुजुर्गों के पास बैठकर उनसे कुछ सीखिए। अगर भरोसा न हो, तो अपने रामपुर वाले चचाजान (आजम खान) से ही सलाह ले लीजिए- 10 साल पहले उनका भी आपके जैसा ही हाल था!
आजम खान की भैस खोजने में लगती थी पुलिस- राजभर
राजभर ने आजम खान को लेकर कहा कि वे सरकारी नौकरी वालों को गुलाम समझते थे। पुलिस को अपनी भैंस खोजने के काम पर लगा देते थे। सरकारी कर्मचारी को तनखैया समझते थे। आज 10 साल बाद उनकी जुबान ठीक तो नहीं हुई लेकिन थोड़ी नर्म जरूर हो गई है। उनसे पूछ लीजिए कि क्या वो अभी भी सरकारी नौकरी वालों को 'तनखइया' समझते हैं? और 'तनखइयों' से जूते साफ कराएंगे? केवल इतना ही पूछ लेंगे तो चचाजान अपने अनुभव के आधार पर मिला 'अचूक ज्ञान' आपको जरूर देंगे!
राजभर ने सपा पर साधा निशाना
वे यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव की बड़ी-बड़ी डींगे सुनकर उनके लोफर लोडर तालियां बजा सकते हैं, लेकिन ध्यान रहे कि प्रदेश में लाखों युवा हैं, जो सरकारी नौकरी पाने के लिए लगन और कठिन परिश्रम कर रहे हैं। ऐसे में अखिलेश अपनी गुंडई वाली मंशा जगजाहिर कर सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले लाखों युवाओं का मनोबल न तोड़ें।
उन्होंने कहा कि आपकी (अखिलेश यादव) इन गीदड़ भभकियों को लाखों युवा सुन रहे हैं और बहुत अच्छी तरह से समझ भी रहे हैं। युवाओं को मालूम है कि 10 साल पहले कैसे सैफई सिंडिकेट और उसका माफियातंत्र पूरे सरकारी सिस्टम को अपना गुलाम बनाकर रखता था। उस समय सरकारी नौकरी वाले 'तनखइया' और 'गुलाम' समझे जाते थे।
डींगें हांकना छोड़ दें अखिलेश- राजभर
मंत्री जी ने अखिलेश याद को सुझाव दिया कि अब वे डींगें हांकना छोड़ दें, क्योंकि समय बदल चुका है। कॉलर पकड़ के सरकारी कागजों पर साइन कराने वाले गुंडावादियों को यूपी की जनता ने 10 साल पहले ही उखाड़कर फेंक दिया है। आज यूपी पुलिस में उन युवाओं की एक बड़ी फौज भर्ती हो चुकी है, जो न तो किसी की सिफारिश से और न ही सैफई सिंडिकेट की तिजोरी भरकर आई है। इन युवाशक्तियों ने अपनी लगन, मेहनत और काबिलीयत के दम पर नौकरी पाई है। ये कानून का राज स्थापित कराने और मुसीबत में मदद के लिए डटे रहने वाली फोर्स बन चुकी है। ऐसे में इन्हें अपना तनखइया गुलाम बनाने का गंदा सपना देखना छोड़ दीजिए।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 22 November 2026 at 10:50 IST