'नीतीश सेतु' के नामकरण पर बिहार में सियासी बवाल, तेजस्वी यादव का आरोप- निर्णय से लेकर निर्माण तक NDA सरकार का कोई योगदान नहीं

पीएम मोदी के कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6-लेन पुल का उद्घाटन करने और इसका नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखे जाने के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। इस फैसले पर कड़ा ऐतराज जताते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सवाल किया कि सरकार ने विधानसभा में किए गए अपने वादे से पलटते हुए दसवें सिख गुरु, गुरु गोबिंद सिंह जी के बजाय नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नामकरण क्यों किया।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Tejashwi Yadav on the naming and inauguration of the Nitish Setu (bridge)
नीतीश सेतु के नामकरण और उद्घाटन पर तेजस्वी यादव | Image: ANI

Tejashwi Yadav: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6-लेन पुल का उद्घाटन किया। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर इस पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखा गया है। हालांकि, उद्घाटन के साथ ही इसके नामकरण को लेकर बिहार में सियासी पारा चढ़ गया है। विपक्षी दलों ने इस पर आपत्ति जताते हुए सवाल किया है कि इस पुल का नाम दसवें सिख गुरु, गुरु गोबिंद सिंह जी के बजाय नीतीश कुमार के नाम पर क्यों रखा गया।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, 'इस पुल का उद्घाटन फिर किया गया है। लगभग 1.5 साल पहले इस पुल का उद्घाटन नीतीश कुमार ने ठीक चुनाव से पहले कर ही दिया था। अब तो नई परंपरा शुरू हो गई कि दोबारा प्रधानमंत्री इस पुल का उद्घाटन कर रहे हैं। किसी भाजपा के लोगों ने मेरे सवाल का जवाब नहीं दिया। एक पैसा यदि भाजपा-NDA की केंद्र सरकार ने इस पुल के निर्माण को लेकर दिया हो तो आप हमें बताएं। पीएम मोदी का, भाजपा का, NDA सरकार का न तो पुल बनाने का कोई निर्णय था और न ही निर्माण में कोई योगदान रहा है। बिहार के लोग ये बात भली-भांति जानते हैं।'

तेजस्वी ने सरकार पर लगाया गुमराह करने का आरोप

उन्होंने आगे कहा, 'हमने विधानसभा में अक्षयवट राय (समाजवादी नेता और स्वतंत्रता सेनानी थे) के नाम को लेकर प्रस्ताव दिया था जिसके उत्तर में सरकार ने जवाब दिया था कि गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर इस पुल का नामकरण किया जाएगा। सिख धर्म में गुरु गोविंद सिंह जी दसवें गुरु हैं। कच्ची दरगाह से जहां से पुल की शुरुआत होती है वहां उनका जन्म स्थल है। वहीं से पुल गुजरता है। लेकिन अचानक से ऐसा क्या हो गया कि बिहार सरकार ने विधानसभा में कुछ और उत्तर दिया और किया कुछ और। या तो उन्होंने विधानसभा में गुमराह किया या तो विधानसभा में सरकार सच नहीं बोलती है।'

'यह नीतीश कुमार की राजनीति को जिंदा दफन…'

तेजस्वी यादव ने कहा, 'गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर इन्होंने पुल का उद्घाटन क्यों नहीं किया? इसका उनके पास कोई जवाब नहीं है। हम नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर कामना करते हैं कि वे स्वस्थ रहें लेकिन अचेत अवस्था में हैं, जीवित हैं, लेकिन अभी ही पुल का नामकरण उनके नाम पर कर दिया गया हालांकि देखा गया है कि जो धरती पर नहीं रहता उसके नाम पर नामकरण किया जाता है। ये सम्मान नहीं बल्कि नीतीश कुमार की राजनीति को जिंदा दफन करके सम्मान दिखाने का दावा किया जा रहा है।'

Advertisement

गिरिराज सिंह ने किया तीखा पलटवार

वहीं जेडीयू और बीजेपी के कई नेताओं ने ब्रिज का नाम नीतीश सेतु रखे जाने का स्वागत किया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, 'ये पहल बिहार के विकास में मील का पत्थर साबित हो रही हैं। असल में प्रधानमंत्री का हर दौरा एक नए मील के पत्थर के रूप में सामने आता है। जहां तक इन प्रयासों का विरोध करने वालों की बात है, ये वही लोग हैं जिन्होंने अपने 15 साल के शासन में बिहार को 'जंगल राज' में बदल दिया था। उस समय राज्य में बिजली की खपत मात्र 700 मेगावाट थी, जिससे पूरा राज्य अंधेरे में डूबा रहता था; आज यह खपत 10,000 मेगावाट तक पहुंच गई है। लालू जी ने असल में क्या किया? उन्होंने स्कूलों के बजाय 'चरवाहा विद्यालय' खोले और 'जंगल राज' को बढ़ावा दिया।'

उनके मुताबिक, आज स्कूल बनाए जा रहे हैं। हर ब्लॉक में नए कॉलेज खुल रहे हैं और मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने राघोपुर और पूरे बिहार का शोषण किया, यहां तक कि पुल जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं दीं- एक ऐसी जरूरत जिसे बाद में नीतीश कुमार ने पूरा किया। आज मोदी जी ने जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया है, उसके लिए हम उनके आभारी हैं।'

Advertisement

तेजस्वी को सवाल उठाने का कोई हक नहीं- नित्यानंद राय

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, 'तेजस्वी यादव को सवाल उठाने का कोई हक नहीं है। उन्होंने आज तक बिहार के लिए कुछ नहीं किया है। लालू यादव और राबड़ी देवी 15 साल तक मुख्यमंत्री रहे, फिर भी उन्होंने अपने ही निर्वाचन क्षेत्र राघोपुर के लिए कुछ भी नहीं किया।'

यह भी पढ़ें: 'ये कैसा प्रधानमंत्री है, संसद में लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया...', PM मोदी ने IIT खड़गपुर में क्यों कहा ऐसा?
 

Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड