'जो पीड़ित है वही पीडीए है', अखिलेश यादव के रथ पर लिखे स्लोगन का ओपी राजभर ने बताया मतलब, कहा- योगी सरकार में माफिया-गुंडा...

कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव PDA के बहुत अर्थ बता चुके हैं। उन्होंने रथ पर लिखवाया है कि जो पीड़ित है वही पीडीए है। ऐसे में योगी सरकार में अपराधी, माफिया और गुंडे ही पीड़ित हैं।

 
Follow :
Akhilesh Yadav OP Rajbhar | Image: ANI/File Photo

OP Rajbhar Attacks Akhilesh Yadav: यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे और चुनावी रथ पर लिखवाई गई नई परिभाषा पर तीखा हमला बोला है।

ओपी राजभर ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि अखिलेश यादव पहले ही PDA के कई अलग-अलग मतलब समझा चुके हैं। अब उन्होंने रथ पर लिखवाया है कि 'जो पीड़ित है, वही पीडीए है'। इस पर कटाक्ष करते हुए राजभर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में अगर उत्तर प्रदेश में कोई सचमुच पीड़ित है, तो वे केवल अपराधी, माफिया और गुंडे हैं।

October 5, 2026

योगी सरकार में अपराधी-माफिया पीड़ित- राजभर

इस दौरान राजभर ने समाजवादी पार्टी के पिछले शासनकाल और वर्तमान में केंद्र और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली के बीच सीधा अंतर स्पष्ट किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के राज में भ्रष्टाचारी और जनता का पैसा लूटने वाले अपराधी, माफिया और गुंडा थे, जो आज भाजपा सरकार में 'पीड़ित' बताए जा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अब कल्याणकारी योजनाओं का पैसा बिना किसी बिचौलिए के सीधे गरीबों के खातों में जा रहा है। उनके मुताबिक, इसी पारदर्शी व्यवस्था के कारण गरीबों को लूटने वाले लुटेरे आज पीड़ित महसूस कर रहे हैं।

राजभर ने अखिलेश यादव का साधा निशाना

उन्होंने सपा प्रमुख पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव को इस बात की चिंता है कि वे चुनावों में मुसलमानों को गुमराह करके उनका वोट तो ले लेते हैं, लेकिन असल में जिन लोगों के लिए लड़ रहे हैं, वे गुंडे, माफिया और मवाली हैं जो आज कानून के राज में लाचार और पीड़ित बन चुके है।

'NDA से लड़ने की बजाय आपस में भिड़ रहे'

इससे पहले ओपी राजभर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर भी पोस्ट करते हुए निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि अखिलेश जी आपके इंडी गठबंधन को एनडीए से लड़ना है, लेकिन आपके नेता आपसे में ही लड़ रहे हैं। जैसे, सपा लड़ रही कांग्रेस से, इकरा लड़ रहीं इमरान से, गौतम जी तो सबको ही निशाने पर लिए हुए हैं। आपके संगठन वाले ऐसे कैसे लड़ेंगे?

आपकी पार्टी वाले जूतम-पैजार कर रहे- राजभर

इसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेताओं से जुड़े हालिया घटनाक्रमों को गिनाया। उन्होंने कहा कि आपकी पार्टी वाले तो जूतम-पैजार भी कर रहे हैं। गोरखपुर में थप्पड़ चले, मुकदमा दर्ज हुआ और हालत ऐसी बनी कि आपको जिला, महानगर और फ्रंटल संगठनों तक की इकाइयां भंग करनी पड़ीं। एटा-कासगंज के नेता तो आपके सामने ही उलझ गए। बैठक खत्म हुई और दोनों जिलों की इकाइयां भंग करनी पड़ीं। आगरा में आपके सांसद की मौजूदगी में मथुरा के पदाधिकारी भिड़े और लात-घूंसे तक चले। बाद में दो नेताओं को पार्टी से बाहर करना पड़ा। आजमगढ़ में आपके ही बूथ अध्यक्ष ने अपने विधायक के समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया। इसके अलावा उन्होंने सहारनपुर में प्रदेश अध्यक्ष के सामने समीक्षा बैठक का जिक्र किया जहां कुर्सी और माइक को लेकर ही लोग आपस में उलझ गए। 

'गलती से सपा सरकार में आ गई तो गुंडा टैक्स…'

राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश जी, 2027 में प्रदेश संभालने का दावा है और 2026 में अपनी जिला इकाइयां संभालने के लिए कभी संगठन भंग करना पड़ रहा है, कभी नेताओं को पार्टी से निकालना पड़ रहा है। सोचिए, आपके नेता सरकार आने के भ्रम में जिस तरह आपस में भिड़ रहे हैं, अगर गलती से सरकार में आ गए तो जनता को कितना पीटेंगे। हफ्ता वसूली करेंगे। गुंडा टैक्स वसूलेंगे।

उन्होंने हिदायत देते हुए कहा कि पहले अपने नेताओं को एक साथ बैठना, सभ्यता-संस्कार और अनुशासन सिखाइए। रही बात चुनाव की तो वह हमसे बाद में लड़िएगा। 

यह भी पढ़ें: सांसद पप्पू यादव का ट्रैक्टर वाला अवतार, बाढ़ के पानी में उतार दी गाड़ी, अचानक उछला ट्रैक्टर तो सब के उड़ गए होश फिर... VIDEO
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 5 October 2026 at 18:33 IST