Ayodhya: राम पथ के 14KM इलाके में अब नहीं होगी शराब-मांस की ब्रिकी, इन चीजों पर लगा प्रतिबंध; नगर निगम का बड़ा फैसला
अयोध्या में पहले ही मांस और शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लागू है। नए प्रस्ताव में आसपास के फैजाबाद शहर के क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है।
- भारत
- 2 min read
Ayodhya News: अयोध्या नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। राम पथ के 14 किलोमीटर के हिस्से में अब शराब और मांस की बिक्री नहीं होगी। नगर निगम ने इस पर पूरी तरह से रोक लगाते हुए प्रस्ताव पारित किया है। साथ ही साथ यहां पान से लेकर गुटखे, बीड़ी, सिगरेट और इनरवियर के विज्ञापन भी नहीं लगाए जा सकेंगे।
वैसे तो अयोध्या में पहले ही मांस और शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लागू है। इस नए पारित प्रस्ताव के जरिए इसमें आसपास के फैजाबाद शहर के क्षेत्रों को भी शामिल करते हुए पूरे राम पथ पर ही इन चीजों की ब्रिकी पर रोक लगाना शामिल है।
फैजाबाद शहर के कई क्षेत्र भी होंगे शामिल
राम मंदिर रामपथ पर ही स्थित है। अयोध्या और फैजाबाद शहरों को जोड़ने वाला राम पथ एक महत्वपूर्ण मार्ग है। सरयू तट से शुरू होने वाला राम पथ का 5 किलोमीटर का हिस्सा फैजाबाद शहर में भी आता है। फिलहाल यहां पर मांस और शराब बेचने वाली कई दुकानें हैं। हालांकि अब नए प्रस्ताव में यहां भी शराब और मांस की ब्रिकी पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
मेयर गिरीश पति त्रिपाठी ने इस फैसले की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहर की सच्ची धार्मिक भावना को बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि अयोध्या नगर निगम की कार्यकारी समिति मेयर, डिप्टी मेयर और 12 पार्षद ने शहर की सच्ची धार्मिक भावना को बनाए रखने के लिए इस प्रतिबंध को लागू करने का प्रस्ताव पारित किया। अयोध्या नगर निगम की कार्यकारी समिति में सिर्फ एक ही मुस्लिम पार्षद सुल्तान अंसारी शामिल हैं, जोकि BJP से हैं।
फिलहाल इस प्रतिबंध को लागू करने से संबंधित विविरण और समयसीमा की घोषणा नगर निगम द्वारा नहीं की गई है। संभावना जताई जा रही है कि ऐसा जल्द ही किया जा सकता है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 2 May 2025 at 11:48 IST