BREAKING: नंदीग्राम उपचुनाव में खेला पर खेला, कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान गिरफ्तार, ममता बनर्जी ने किया था समर्थन का ऐलान
पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले बड़ा खेला हो गया। शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी गिरफ्तारी ममता बनर्जी के उस ऐलान के बाद हुआ जिसमें उन्होंने कांग्रेस को अपना समर्थन देने की बात कही।
- भारत
- 3 min read
पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम उपचुनाव से ठीक पहले शुक्रवार को एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को गिरफ्तार कर लिया गया। गौरतलब है कि कुछ ही घंटे पहले पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मिलन प्रधान को अपना समर्थन देने का ऐलान किया था। उनके इस ऐलान के कुछ देर बाद ही कांग्रेस उम्मीदवार की गिरफ्तारी की खबर सामने आई।
सूत्रों के अनुसार, मिलन प्रधान को एक पुराने केस के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। कांग्रेस का दावा है कि पार्टी के उम्मीदवार को ममता बनर्जी द्वारा समर्थन दिए जाने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
मिलन प्रधान की गिरफ्तारी पर क्या बोलीं कांग्रेस प्रवक्ता?
कांग्रेस प्रवक्ता मीता चक्रवर्ती ने कहा, "आज, पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मिलन प्रधान को अपना समर्थन दिया। इसके कुछ ही घंटों के भीतर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। अगर आप डराने-धमकाने का तरीका अपनाते हैं। विपक्ष को जगह नहीं देते हैं तो क्या आप इस देश में तानाशाही चाहते हैं? लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं? अगर आपको लगता है कि आप ऐसी धमकियों से कांग्रेस या विपक्ष को रोक सकते हैं, तो आप पूरी तरह गलतफहमी में हैं।"
क्यों हुई मिलन प्रधान की गिरफ्तारी?
मिली जानकारी के मुताबिक, एक पुराने हत्या के केस में मिलन प्रधान को गिरफ्तार किया गया है। कल दोपहर पूर्व मेदिनीपुर जिला के हल्दिया कोर्ट में मिलन प्रधान को पेश किया जाएगा। नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए ममता बनर्जी के गुट की उम्मीदवार संचिता प्रधान (डे) ने आज ही अपना नामांकन वापस लिया था। इसके बाद ममता ने कांग्रेस को समर्थन देने का ऐलान किया था।
संचिता प्रधान डे ने नाम लिया वापस
नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव से पहले ममता बनर्जी को झटके पर झटका लग रहा है। एक और चुनाव आयोग ने बड़ा ऐलान करते हुए तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों को सिंबल अलॉट कर दिया। आयोग ने यह भी साफ कर दिया कि दोनों गुटों 6 अक्तूबर को होने वाले उपचुनाव में पार्टी का नाम अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस और उसके फूल और घास सिंबल का प्रयोग नहीं कर सकते। इधर ममता बनर्जी गुट की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने सीएम शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात करने के बाद नंदीग्राम से अपना नामांकन वापस ले लिया।
ममता ने क्यों किया मिलन प्रधान को सपोर्ट?
इस फैसले से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी काफी आहत नजर आईं। उन्होंने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। ममता बनर्जी ने कहा कि यह बिल्कुल गंदा खेल है, लेकिन वे इसका मुकाबला करने के लिए तैयार हैं। पत्रकारों ने जब ममता बनर्जी से सवाल किया कि क्या संचिता प्रधान (डे) ने नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव से अपना नामांकन इसलिए वापस लिया क्योंकि पार्टी अब कांग्रेस का समर्थन कर रही है, इस पर ममता बनर्जी ने कहा, "नहीं, ऐसा नहीं है। हमने पहले ही कांग्रेस का समर्थन करने का फैसला कर लिया था क्योंकि उनका उम्मीदवार अच्छा है।"
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 18 September 2026 at 19:16 IST