चुनावों से पहले योगी मंत्रिमंडल विस्तार पर मायावती की आई प्रतिक्रिया, यूपी में ब्राह्मणों की सुरक्षा पर उठाए सवाल, दी ये सलाह
योगी कैबिनेट विस्तार पर बसपा प्रमुख मायावती की प्रतिक्रिया सामने आई है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
- भारत
- 3 min read
Mayawati on Yogi Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार पर बसपा सुप्रीमो मायावती का बयान सामने आया है। इसी के साथ उन्होंने यूपी चुनाव 2027 से पहले ब्राह्मण पर हमले का मुद्दा उठाते हुए कानून-व्यवस्था को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल घटाना या बढ़ाना पार्टी का आंतरिक मामला है, लेकिन इसका असर समाज के हर वर्गों और गरीबों, युवाओं और महिलाओं पर दिखाई देना चाहिए।
मायावती ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर ट्वीट कर लिखा कि यूपी मंत्रिमंडल के कल हुए विस्तार पर कुछ टीका-टिप्पणी करना सही नहीं होगा, लेकिन कुल मिलाकर उसका अच्छा प्रभाव आमजन के हित के साथ-साथ खासकर सर्वसमाज के गरीबों, मजदूरों, किसानों, युवाओं के जीवन की बेहतरी और महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पर पड़ता हुआ नजर आना चाहिए। वरना लोग इसे राजनीतिक जुगाड़ और सरकारी संसाधन पर बढ़ा हुआ बोझ ही मान लेंगे।
कमजोर तबकों की सुरक्षा पहली जिम्मेदारी- मायावती
उन्होंने आगे कहा कि समाज के हर वर्गों में भी विशेषकर कमजोर तबकों के जान, माल और मजहब की सुरक्षा और उन्हें न्याय मिलता हुआ महसूस होने पर सरकार और उनके सभी मंत्रियों के कार्यकलापों में परिलक्षित भी हो तो यह उचित होगा। उनका कहना है कि यह सरकारों और उनके मंत्रियों की पहली संवैधानिक जिम्मेदारी भी बनती है।
बीजेपी नेता पर जानलेवा हमले का किया जिक्र
मायावती ने हाल ही में लखनऊ में बीजेपी के युवा ब्राह्मण समाज से ताल्लुक रखने वाले नेता पर हुए जानलेवा हमले का जिक्र किया और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'इस घटना के बाद चर्चा शुरू हो गई है कि यूपी में ब्राह्मण समाज यहां केवल उपेक्षित ही नहीं बल्कि काफी असुरक्षित भी है, जो बेहद चिंतनीय है।'
बसपा प्रमुख ने कहा कि बसपा की रही सभी सरकारों में समाज के हर वर्ग के जान, माल और मजहब के साथ-साथ बेहतरीन कानून-व्यवस्था के तहत ब्राह्मण समाज सहित समाज के सभी वर्गों को 'सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय' की नीति और सिद्धांत के अन्तर्गत न्याय और सुरक्षा दी गई थी, जो कि सर्वविदित है।
सहारनपुर की घटना पर क्या बोलीं?
इससे पहले उन्होंने एक और ट्वीट कर सहारनपुर के गांव लालवाला में एक जमीन में तस्वीर रखने को लेकर लोगों के बीच हुए विवाद और फिर संघर्ष का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष में दलित वर्ग के कई लोगों के घायल होने के चलते वहां हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। पुलिस और प्रशासन को वहां हालात को काबू में रखने के लिए तत्काल निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।
इसी के साथ मायावती ने वहां के लोगों से भी अपील की कि शांति और व्यवस्था बनाए रखें। मामले को ताकत से नहीं बल्कि कानूनी तरीके से ही सुलझाएं।
योगी कैबिनेट का विस्तार
बता दें कि रविवार, 10 मई को योगी सरकार के मंत्रिमंडल में बेरबदल किया गया था। कुल आठ नेताओं को राज्यपाल ने पद की शपथ दिलाई, जिनमें से 6 नए चेहरों को जगह मिली है। वहीं दो मंत्रियों को प्रमोशन मिला है। इसी के साथ योगी सरकार में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 60 हो चुकी है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 11 May 2026 at 18:55 IST